गायक के बेटे ने कीं 50 से अधिक स्नैचिंग की वारदातें
सुक्रांत, जालंधर शहर में 300 से ज्यादा जागरण करने वाली नत्थू राम एंड पार्टी के गायक नत्थू राम का ब
सुक्रांत, जालंधर
शहर में 300 से ज्यादा जागरण करने वाली नत्थू राम एंड पार्टी के गायक नत्थू राम का बेटा नोनी निवासी करार खां मोहल्ला 50 से अधिक छीनाझपटी की वारदातों को अंजाम दे चुका है। आरोपी बेटा पिता की पार्टी में ही गिटार बजाया करता था। पुलिस ने बीते दिनों उसे फ्रेंड्स कालोनी से तब गिरफ्तार किया जब वह झपटमारी करने की तैयारी कर रहा था। जांच में पता चला कि नोनी करीब पिछले दो साल से करीब हर रोज एक वारदात करता था। बुधवार को पत्रकार वार्ता के दौरान पुलिस इस मामले का खुलासा कर सकती है।
पुलिस जांच में सामने आया है कि नोनी पिता के साथ जागरण में गिटार बजाता था। इसी बीच में यह भी देखता था कि देर रात को कौन-कौन निकल रहा है। इसके बाद वह उसके पीछे जाकर वारदात को अंजाम दे देता था। इसके अलावा भी वह उन इलाकों में घूमता रहता था, जो पॉश और खुले थे। जहां पर स्नैचिंग करना आसान होता, वहीं पर वह शिकार ढूंढ कर वारदात को अंजाम दे देता था। नोनी पहले पुलिस की पूछताछ में खुद को बेकसूर बताता रहा। जब उसे सीआइए स्टाफ में ले जाकर पुलिसिया अंदाज में पूछताछ की गई तो उसने एक के बाद एक करीब 50 वारदातें कबूल कर ली, जो उसने शहर के हर हिस्से में अंजाम दी हैं। हालांकि बताया जा रहा है कि उसके द्वारा की गई वारदातों की गिनती 100 से भी अधिक है। दो साल में हर रोज वारदात को अंजाम देने का आदी हो चुका नोनी इससे कहीं ज्यादा वारदातें और उगल सकता है। खास बात यह है कि नोनी पहली बार स्नैचिंग के केस में गिरफ्तार किया गया है।
हर वारदात से पहले उतार देता था नंबर प्लेट
नोनी हर वारदात से पहले अपनी मोटरसाइकिल की नंबर प्लेट उतार देता था। जिस वक्त नोनी को गिरफ्तार किया गया, तब भी नोनी अपनी नंबर प्लेट उतार कर फ्रेंड्स कालोनी में घूम रहा था। करीब छह महीने पहले इसी इलाके में नोनी का शिकार बनी एक बुजुर्ग महिला के परिजन ने उसे पहचान लिया और पुलिस को सूचित कर दिया।