फूट-फूट कर रोई भाजपा नेत्री
संवाद सहयोगी, जालंधर : बुधवार को इंडस्ट्री एरिया में दुर्घटना के बाद भाजपा के ही एक कार्यकर्ता के हा
संवाद सहयोगी, जालंधर : बुधवार को इंडस्ट्री एरिया में दुर्घटना के बाद भाजपा के ही एक कार्यकर्ता के हाथों तिरस्कृत हुई भाजपा महिला मोर्चा की जिला सचिव दीपाली बागड़िया वीरवार को थाना आठ में शिकायत देने पहुंचीं। इस दौरान इंसाफ न मिलने पर वह थाने में ही फूट फूट कर रो पड़ीं। दीपाली को रोते देख भाजपा महिला मोर्चा की सदस्याएं उग्र हो गई और प्रदर्शन किया।
दीपाली बागड़िया ने बताया कि उसके पति राजिंदर बागड़िया भी आरएसएस से जुड़े हुए हैं। वह बुधवार को अपनी कार से इंडस्ट्री एरिया से निकल रही थीं। इस दौरान वहां पर एक एक्टिवा पर एक युवक निकला, जिसके साथ उनकी मामूली टक्कर हो गई। उक्त युवक भी भाजपा से जुड़ा है। दुर्घटना होने के बाद उक्त एक्टिवा सवार युवक ने उनके साथ बदसलूकी की और कार की चाबी छीनने के लिए उनकी बांह भी मरोड़ दी। इसके बाद उसने अन्य युवक भी बुला लिए और गाली गलौज किया। उन्होंने बताया कि वीरवार को वह थाने में शिकायत देने आई तो चार घंटे तक थाने में एसएचओ ही नहीं आया। उन्होंने पुलिस कमिश्नर से इंसाफ की मांग की है और कहा कि यदि इंसाफ न मिला तो भाजपा महिला मोर्चा संघर्ष का रास्ता अपनाएगा। इस मौके पर भाजपा महिला मोर्चा की उर्मिल वैद्य, मंजीत संघा, डौली हांडा, शमां सेतिया सहित अन्य कार्यकर्ता मौजूद थीं।
उधर, थाना प्रभारी नरेश जोशी का कहना था कि दीपाली की शिकायत आई है और एक्टिवा सवार विजय ने भी शिकायत की है। मामले की जांच की जा रही है, जिसके बाद ही अगली कार्रवाई की जाएगी।