ऑल इंडिया पुलिस खेल आज से
जागरण संवाददाता, जालंधर पंजाब सशस्त्र पुलिस के मैदान में रविवार को 63वें ऑल इंडिया पुलिस गेम्स (व
जागरण संवाददाता, जालंधर
पंजाब सशस्त्र पुलिस के मैदान में रविवार को 63वें ऑल इंडिया पुलिस गेम्स (वॉलीबाल, बास्केटबाल, हैंडबाल और कबड्डी) का शुभारंभ होगा। 26 से 30 अक्टूबर तक चलने वाले इस राष्ट्रीय स्तर के आयोजन का उद्घाटन मुख्य संसदीय सचिव खेल पवन कुमार टीनू करेंगे।
प्रदेश के पुलिस महानिदेशक सुमेध सिंह की निगरानी में इस खेल के सफल आयोजन के लिए अतिरिक्त पुलिस महानिदेशक संजीव कालड़ा आयोजन समिति के अध्यक्ष की जिम्मेदारी निभाएंगे। इसके अलावा महानिरीक्षक अभियान, डॉ. नरेश अरोड़ा और 80वीं वाहिनी के समादेष्टा तुलसीराम आयोजन सचिव की भूमिका में होंगे। पीएपी के अधिकारियों ने बताया कि इन खेलों में 35 राज्यों के पुलिस विभाग के करीब 1700 खिलाड़ी भाग लेंगे। इस दौरान एशियन और कॉमनवेल्थ खेलों में भाग ले चुके हेड कांस्टेबल गुरप्रीत सिंह, हेड कांस्टेबल गुरिंदर सिंह, हेड कांस्टेबल हरदेव सिंह और कांस्टेबल मनप्रीत सिंह आयोजन के आकर्षण होंगे। हेड कांस्टेबल गुरिंदर सिंह इंडियन वॉलीबाल टीम के कप्तान और हेड कांस्टेबल गुरप्रीत सिंह एशियन खेलों में कबडडी टीम के कप्तान रहे हैं। पिछले ऑल इंडिया पुलिस खेलों में पंजाब पुलिस बास्केटबाल टीम और कबड्डी टीम ने स्वर्ण पदक जीता था तो हैंडबाल की टीम ने रजत पदक जीता था।