एक्टिवा सवार दो दोस्तों में एक की मौत
संवाद सहयोगी, जालंधर
फोकल प्वाइंट के फ्लाईओवर पर शनिवार देर रात अमृतसर में धार्मिक स्थल से माथा टेककर घर लौट रहे दो एक्टिवा सवार की अज्ञात वाहन से टक्कर होने से एक दोस्त घायल हो गया, जबकि एक की मौके पर मौत हो गई। मृतक की पहचान सिमरनजीत सिंह पुत्र सुरिंदर सिंह निवासी न्यू विनय नगर लम्मा पिंड व घायल की पहचान सिमरन सिंह पुत्र सतवंत सिंह निवासी ढन्न मोहल्ला के रूप में हुई है। दोनों दोस्त एक्टिवा जो सिमरनजीत सिंह ने अपने जन्मदिन पर दो महीने पहले ली थी, लेकिन वह माथा टेकने नहीं गया था। रविवार को अपने दोस्त सिमरन को साथ लेकर अमृतसर गया था। दोनों रात को वहां देर से चले थे। फोकल प्वाइंट के फ्लाईओवर पर पीछे से अज्ञात वाहन ने टक्कर मार दी। टक्कर के बाद दोनों गिर गए। एक्टिवा सिमरनजीत सिंह चला रहा था। सिमरनजीत सिंह ने मौके पर ही दम तोड़ दिया, जबकि सिमरन सिंह गंभीर रूप से घायल हो गया। उसने किसी तरह अपने परिजन को सूचित किया। मौके पर पहुंचे सिमरन के परिजनों ने सिमरनजीत के भी घरवालों को सूचना दी। सिमरनजीत तीन भाइयों में सबसे छोटा था। इनकी बस्ती शेख मे कपड़े की दुकान है। घायल सिमरन को गुरुनानक मिशन अस्पताल में दाखिल करवाया गया। थाना आठ की पुलिस ने सिमरनजीत के शव को पोस्टमार्टम के लिए सिविल अस्पताल में भेज दिया है। पुलिस ने अज्ञात वाहन चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।