बेटी को गंडासी से काट डाला
संवाद सहयोगी, बिलगा : थाना बिलगा के इलाके में आते गांव पवादड़ा में बेटी को लड़के के साथ बात करते देख बात बिफर गया। क्रोध में आए पिता ने घर में ही पड़ी गंडासी मार कर बुधवार को बेटी की हत्या कर दी। पहले तो आरोपी पिता मौके से फरार हो गया, मगर बाद में खुद ही थाने पहुंच गया और अपना जुर्म स्वीकार कर लिया। पुलिस ने लड़की के मामा के बयान पर आरोपी के खिलाफ हत्या का केस दर्ज कर लिया है। बेटी ने हाल ही में 10वीं की परीक्षा दी थी।
लड़के से बात करते देखा था
बताया जा रहा है कि हरदेव सिंह की बेटी ने 10वीं की परीक्षा दी थी। हरदेव ने बेटी को किसी लड़के के साथ बात करते देखा था। इस साधारण बातचीत पर वह शक कर बैठा। गुस्से में आकर उसने घर में पड़ी गंडासी उठा कर बेटी पर वार किया और उसकी हत्या कर दी। पुलिस को दिए बयान में मामा सुखदेव सिंह ने बताया कि वह अपनी बहन के घर गया तो बहन घर पर नहीं थी। भांजे भी घर से बाहर ही थे। इस बीच उसने देखा कि उसके जीजा ने भांजी को गंडासी से मार डाला है। इसके बाद वह मौके से फरार हो गया। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ मामा के बयान पर केस दर्ज कर लिया है।
पुलिस आरोपी के खिलाफ केस दर्ज कर छापामारी की तैयारी कर रही थी, मगर इससे पहले ही आरोपी पिता खुद थाने पहुंच गया। थाना प्रभारी नरिंदर सिंह ने बताया कि आरोपी पिता ने कहा कि उसे बेटी पर शक था। इसी शक में उसने कत्ल किया। हालांकि किस लड़के के बारे में उसे शंका थी, इसकी जानकारी पिता नहीं दे पाया है। पुलिस ने हत्या का केस दर्ज कर लिया है। हत्या की वजह यही है या कुछ और बात है, इस तथ्य पर भी पुलिस पड़ताल कर रही है। हालांकि हरदेव ने इस बात से इंकार किया है कि वह खुद थाने में पेश हुआ। उन्होंने दावा किया कि पुलिस ने उसे रेलवे स्टेशन से गिरफ्तार किया है।
पहले गंडासी मारी फिर गला घोंटा
पुलिस को दिए बयान में आरोपी ने कहा कि उसने गंडासी के पिछले हिस्से से वार किया। उसने अपनी बेटी से लड़के के बारे में पूछा तो वह बहस करने लगी। इसी गुस्से में उसने वार किया। इसके बाद बेटी की ही चुनरी से उसका गला घोंट दिया।