दो माह से लापता है जिगर का टुकड़ा
हमारे सहयोगी, मुकेरियां
दो माह से लापता बेटे की कोई खोज खबर न मिलने से लापता विमल पाल के माता पिता का रो रोकर बुरा हाल है। उनका बस यही सवाल है कि उनका बेटा कहां है?
विमल पाल के पिता रूफज मसीह निवासी सीएनआइ चर्च जीटी रोड मुकेरियां ने पुलिस को दी शिकायत में बताया था कि उसका बेटा विमल पाल एक लड़के के साथ साझेदारी में डीजे का काम करता था। बाद में उसी लड़के ने उसे अपनी गाड़ी का ड्राइवर भी रख लिया। उस लड़के ने 16 फरवरी को विमल को यह कह कर डीजे लगाने के लिए कहा कि गांव छांगला में एक पार्टी है। वहां पहुंचने पर विमल पाल से उनकी बातचीत भी करवाई। बाद में विमल ने उसी लड़के के फोन पर उन्हें बताया कि वह भोगपुर जा रहा है। विमल की आवाज कुछ सहमी हुई थी। उसके बाद वह नहीं आया। परिजन उसे ढूंढते हुए अपने रिश्तेदारों के पास भोगपुर गए। लेकिन उसका पता नहीं चला। इस बारे में जब बाद में उस लड़के से बात की गई तो वह बदतमीजी से पेश आया। विमल पाल के पिता रूफज मसीह व माता रूबी ने बताया कि दो महीने बीतने के बाद भी उनका बेटा घर वापस नहीं आया और न ही उसका कोई सुराग लग रहा है।
इस संबंध में मुकेरियां थाना के प्रभारी वरिंदर सिंह ने कहा कि पुलिस ने दो लोगों के खिलाफ अपहरण का मामला दर्ज किया है। पुलिस गहनता से मामले में छानबीन कर रही है।
मोबाइल पर ताजा खबरें, फोटो, वीडियो व लाइव स्कोर देखने के लिए जाएं m.jagran.com पर