गैस सिलेंडर की पाइप लीक होने से लगी आग
जागरण संवाददाता, होशियारपुर :
होशियारपुर के कस्बा हरियाना के गांव पटियाल में गैस सिलेंडर की पाइप लीक होने से लगी आग से एक महिला बुरी तरह झुलस गई, जबकि उसको बचाते हुए उसका पति भी आग की चपेट में आ गया। दोनों को गांव वासियों ने होशियारपुर सिविल अस्पताल में भर्ती करवाया। घायलों का इलाज कर रहे डॉ. सरोया ने बताया कि महिला रमनदीप लगभग 90 प्रतिशत झुलस चुकी है। सिविल अस्पताल में उपचाराधीन गुरदेव सिंह (35) ने बताया कि वह गांव में ही बरोजे का काम करता है। दोपहर करीब साढ़े तीन बजे वह घर आया व उसने अपनी पत्नी रमनदीप को चाय बनाने के लिए कहा तथा इस दौरान वह घर के आंगन में बैठ गया। इस दौरान रमनदीप के चिल्लाने की आवाजें आने लगी। वह जब रसोई में गया तो रमनदीप बुरी तरह आग की लपटों में झुलस रही थी। उसने तुरंत एक कंबल से रमनदीप को ढक दिया व सिलेंडर पर पानी डाला। रमनदीप को बचाते हुए वह भी आग की चपेट में आ गया व उसके पैर व हाथ भी झुलस गए। गुरदेव ने बताया कि भगवान का शुक्र यह है कि आग सिलेंडर की पाईप में लगी यदि आग सिलेंडर की तरफ जाती तो सिलैंडर फट भी सकता था। उसने अपनी पत्नी को कंबल में लपेटने के बाद शोर मचाना शुरू कर दिया। जिसके बाद आसपास के लोग एकत्र हुए तथा दोनों को सिविल अस्पताल में भर्ती करवाया।