घरेलू झगड़े में पति का दम घोंटा, मौत
संवाद सहयोगी, गढ़शंकर
गांव बगवाई के बलबिंदर कुमार की संदिग्ध हालत में हुई मौत से पर्दा उठ गया है। पुलिस ने बलविंदर की हत्या के आरोप में उसकी पत्नी के खिलाफ मामला दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया है।
पुलिस ने मृतक के पिता तरसेम सिंह के बयानों के अधार पर मामला दर्ज कर लिया है। बलबिंदर का विवाह दस साल पहले बलजीत कौर पुत्री शिव चंद वासी आलोवाल से हुआ था। विवाह के कुछ दिनों बाद ही दोनों में झगड़ा होना शुरू हो गया। दोनों के आठ साल का एक लड़का व दो साल की एक लड़की है। दस दिन पहले इन दोनों में लड़ाई हुई थी। पंचायत ने इसका समझौता करवाया था। पुलिस के अनुसार बलजीत कौर ने कत्ल की रात बलबिंदर को कोई नशीली व जहरीली चीज दी और बाद में उसकी सांस बंद करके उसे मार डाला। पुलिस ने बलजीत कौर पर हत्या का मामला दर्ज कर दिया है। पुलिस ने अभी उसकी गिरफ्तारी की पुष्टी नहीं की है।
हत्या के पीछे कई ऐसे अनसुलझे सवाल है जिनके उत्तर नहीं मिले हैं। सूत्रों के मुताबिक बलजीत कौर अपने पति को पसंद नहीं करती थी। इसलिए उनमें झगड़ा रहता था। बलजीत कौर क्यों उसे पसंद नहीं करती थी इसका जवाब नहीं दिया गया। वहीं पुलिस इस कत्ल के पीछे किसी भी नजायज रिश्ते से भी इन्कार कर रही है। रोजगार के लिए बलबिंदर अरब देश में गया था और तीन साल पहले वापस आ गया।