लापरवाही के चलते लाखों की मशीनरी को खा रहा जंग
जागरण संवाददाता, गुरदासपुर। सिविल अस्पताल प्रशासन द्वारा बनाई गई नई बच्चा वार्ड में सारी नई मशीनरी
जागरण संवाददाता, गुरदासपुर।
सिविल अस्पताल प्रशासन द्वारा बनाई गई नई बच्चा वार्ड में सारी नई मशीनरी लगा दी गई है, जबकि पुरानी मशीनरी को पुरानी वार्ड में जंग खा रहा है। जिसकी सुध लेने वाला कोई नहीं। हैरानी की बात तो यह है कि एसएमओ को यह भी पता नहीं है कि वार्ड में लाखों रूपए की मशीनरी पड़े-पड़े खराब हो रही है।
गौरतलब है कि सिविल अस्पताल में करीब एक साल पहले बच्चा वार्ड ग्राऊंड फ्लोर पर बना दी गई। जिसमें पूरी मशीनरी नई लगाई गई है, जबकि तीसरी मंजिल पर पुरानी बच्चा वार्ड में लगी लाखो रूपए की मशीनरी को उठाया तक नहीं गया। करीब एक साल बीत गया है, लेकिन उक्त मशीन उसी जगह पर पड़ी हुई है। जिसे अब जंग खा रहा है। अनदेखी के कारण मशीनरी इस हालत में पहुंच चुकी है अब शायद ही कोई मशीन चालू हालत में होगी।
लाखो रूपए की मशीनरी पर नहीं दिया ध्यान
सिविल अस्पताल प्रशासन द्वारा लाखों रूपए खर्च करके नव जन्में बच्चों के लिए सिविल अस्पताल में चार-पांच मशीनें लगाई गई थी। ताकि प्राईवेट अस्पताल में महंगे दाम पर होने वाला बच्चा का इलाज गरीब लोगों को मुफ्त में मिल सके। लेकिन पिछले एक साल से उक्त मशीनरी को चालू हालत में वहीं पर छोड़कर नई वार्ड में नई मशीनरी लगा दी गई, जिसके चलते अब मशीनरी को जंग खा रहा है। विशेषज्ञों के मुताबिक उक्त एक मशीन की कीमत करीब 50 हजार रुपये है। जबकि अस्पताल में खराब हो रही मशीनों की संख्या पांच तक बताई जा रही है। जिसके चलते करीब ढाई लाख रूपए की मशीनरी खराब हो रही है।
जानकारी लेकर करवाएंगे उचित प्रबंध : एसएमओ
मामले संबंधी बात करने पर एसएमओ राजिंदर पाल कौर जलोटा का कहना है कि उन्हें चार्ज संभाले अभी कुछ ही देर हुई है। उन्होंने उक्त मशीनरी संबंधी कोई जानकारी नहीं है। वह कल ही जानकारी हासिल करके उसका उचित प्रबंध करवाएंगी।