एक सितंबर से दौड़ेगी चंडीगढ़ एक्सप्रेस
जागरण संवाददाता, फिरोजपुर
चंडीगढ़ एक्सप्रेस (हॉली डे स्पेशल) एक सितंबर से पटरी पर लौट रही है। इसके लिए तारीख तो घोषित कर दी गई है, लेकिन टाइम टेबल अभी आना बाकी है। संभावना जताई जा रही है कि यात्रियों की सुविधा को देखते हुए इसे सुबह 5.30 बजे फिरोजपुर से चलाया जाएगा।
केंद्र में सत्तासीन भाजपा सरकार के 8 जुलाई को घोषित रेल बजट में चंडीगढ़-फिरोजपुर रेलगाड़ी की घोषणा की गई थी। एक सितंबर से यह रेलगाड़ी प्रतिदिन चलेगी। एक एसी कोच समेत 11 बोगियों की इस गाड़ी का पूर्व में फिरोजपुर से चलने का समय सुबह 7 बजे था, जोकि सुबह 9 बजे लुधियाना पहुंचकर 20
मिनट ठहराव के बाद 11.15 बजे चंडीगढ़ पहुंचती थी, जबकि वापसी में इसका समय चंडीगढ़ से शाम 7.30 था और रात 11.35 बजे फिरोजपुर पहुंचती थी।
बजट में गाड़ी के नियमित होने के बाद रेलवे बोर्ड इसके समय परिवर्तन पर भी विचार कर रहा है और इसके सुबह 5 से 5.30 बजे होने की संभावना है। नये समय से चलने पर यह 9.30 बजे तक चंडीगढ़ पहुंच जाया करेगी, जिससे लोग चंडीगढ़ कार्यालयों में समय पर पहुंच जाएंगे।
30 जून को बंद कर दी गई गाड़ी
यह रेलगाड़ी पूर्व में गर्मियों की छुट्टियों के मद्देनजर हॉली डे स्पेशल के नाम से चलाई गई थी। नियमानुसार चालीस दिन के लिए चलाई इस रेलगाड़ी को यात्रियों की संख्या व मांग के अनुरूप एक्सटेंड किया जाता रहा और आखिर बजट न होने की वजह से यह गाड़ी 30 जून को बेपटरी हो गई। इससे नाराज लोगों ने फिरोजपुर विकास संघर्ष कमेटी, फिरोजपुर बचाओ संघर्ष कमेटी, डिस्ट्रिक्ट फिरोजपुर एनजीओज कोआर्डिनेशन कमेटी आदि के बैनर तले प्रदर्शन कर अपनी आवाज रेल अधिकारियों तक पहुंचाई।
इनसेट--
टाइम टेबल तैयार नहीं
सीनियर डिवीजनल आपरेशन मैनेजर जगतोश शुक्ला ने बताया कि चंडीगढ़ एक्सप्रेस 1 सितंबर से अपने निर्धारित रूप पर दौड़ने लगेगी। फिलहाल इसका टाइम टेबल तैयार नहीं हुआ है। अगस्त के आखिरी सप्ताह नोटिफाई किया जाएगा। उनके अनुसार समय बदलने पर विचार चल रहा है।