गर्ल्स आर्गेनाइजेशन ने रोष रैली निकाली
जागरण संवाददाता, फतेहगढ़ साहिब : गर्ल्स आर्गेनाइजेशन ऑफ इंडिया ने बीते दिनों तरनतारन में एक महिला पर हुए पुलिस के अत्याचार के विरोध में वीरवार को जिला मुख्यालय में एक रोष रैली निकाली। लड़कियों की ओर से निकाली गई यह रोष रैली फतेहगढ़ साहिब से शुरू हो कर विभिन्न कालेज के आगे से होती हुई जिला प्रबंधकीय कांप्लेक्स में पहुंच विखंडित हो गई।
इस मौके गर्ल्स आर्गेनाइजेशन ने पीड़ित महिला को इंसाफ दिलाने व आरोपी पुलिस कर्मियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई करने की मांग की। अपने संबोधन में महिलाओं को जागरूक करती हुईं राजवंत कौर ने कहा कि आज प्रदेश में महिलाओं की सुरक्षा के नाम पर कुछ भी नहीं हो रहा है। हालात ये हैं कि महिलाओं को इंसाफ मांगने पर पुलिस के अत्याचार का सामना करना पड़ रहा है। उन्होंने तरनतारन में एक दलित महिला के साथ हुई घटना की कड़ी निंदा करते हुए आरोपी पुलिस कर्मियों पर कड़ी कार्रवाई किए जाने की मांग की है। ताकि भविष्य में कोई भी पुलिस कर्मी महिला पर हाथ उठाने की हिम्मत न कर सके। उन्होंने कहा कि गर्ल्स आर्गेनाइजेशन लगातार शहरों, गांवों व स्कूलों में जा कर लड़कियों को उनके अधिकारों तथा आत्मरक्षा के प्रति जागरूक कर रही है। इसके चलते महिलाओं में काफी जागरूकता दिखाई दे रही है। इस अवसर पर हरप्रीत कौर, रमनदीप कौर, जसप्रीत कौर, प्रभजोत कौर, सिमरनजीत कौर, कमलप्रीत कौर, परमजीत कौर, कर्मजीत कौर तथा रजनदीप कौर के अलावा अन्य उपस्थित थे।
मोबाइल पर ताजा खबरें, फोटो, वीडियो व लाइव स्कोर देखने के लिए जाएं m.jagran.com पर