पॉलीवुड का क्रेज मुझे पंजाब ले आया : आकांक्षा
जानी-मानी अदाकारा आकांक्षा सरीन को फेसबुक, ट्वीटर और अन्य सोशल मीडिया के जरिये उनके प्रशंसकों ने जन्मदिन की बधाई दी।
जागरण संवाददाता, चंडीगढ़ : जानी-मानी अदाकारा आकांक्षा सरीन को फेसबुक, ट्वीटर और अन्य सोशल मीडिया के जरिये उनके प्रशंसकों ने जन्मदिन की बधाई दी। मिस दीवा का खिताब हासिल करने वाली आकांक्षा भी अपने चहेतों का अभिनंदन स्वीकारते हुए खुश नजर आई। सोमवार को विशेष बातचीत में उन्होंने बताया कि पंजाब भर से उन्हें जन्मदिन की बधाई के संदेश आ रहे हैं। उनका बचपन चाहे विदेश में बीता हो लेकिन वह हमेशा पंजाब से जुड़ने के लिए तत्पर थीं। शायद पंजाबी फिल्म इंडस्ट्री का क्रेज ही उन्हें पंजाब ले आया हो। उन्होंने अपने कॉलेज की पढ़ाई पंजाब के शहर जालंधर में की है।
म्यूजिक एलबम से कमाया नाम
आकांक्षा अपनी पहले म्यूजिक एलबम जान से ही दर्शकों की पसंद बन गई और अब वह पंजाबी म्यूजिक एलबम की सबसे व्यस्त अभिनेत्री हैं। वे अब तक 100 से अधिक म्यूजिक एलबम में काम कर चुकी हैं। उन्होंने बताया फिल्म वीजा में उनके अलावा बीएन शर्मा, सरदार सोही सहित कई अन्य कलाकार भी रहेंगे। फिल्म की शूटिंग की शुरुआत 5 नवंबर को लुधियाना के सोहाली गाव में हो चुकी है। उनकी हिंदी फिल्म एक-दूसरे के वास्ते भी जल्द रिलीज हो रही है।
कंगना जैसे किरदार निभाना सपना
उन्होंने बताया कि बॉलीवुड फिल्म क्वीन में कंगना जैसा किरदार करना उनका सपना है। उन्होंने बताया कि म्यूजिक एलबम और फिल्मों में काम करने के शौक के साथ ही उन्होंने एमकॉम की परीक्षा में रयात-बाहरा यूनिवर्सिटी में टॉप किया है। आकाक्षा ने पंजाबी फिल्म अंग्रेज में भी छोटा सा रोल किया था। इसके अलावा भी वे कई फिल्मों में काम कर चुकी हैं। आकांक्षा ने बताया कि उनका बचपन सऊदी अरब में बीता है। उन्होंने अपनी कॉलेज की पढ़ाई जालंधर के डीएवी कॉलेज से पूरी की। वह कॉलेज करियर में मिस फ्रेशर चुनी गई थीं।