पंजाब सरकार की किसानों के कर्ज माफी को योगी मॉडल पर नजर
पंजाब सरकार ने राज्य मे किसानों के कर्ज माफी की कवायद शुरू कर दी है। इसके लिए सरकार द्वारा गठित विशेषज्ञ कमेटी उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की नीति का अध्ययन करेगी।
जेएनएन, चंडीगढ़। पंजाब के किसानों के 62,931 करोड़ रुपये के कर्ज को माफ करने के लिए पंजाब सरकार अब उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के मॉड्यूल का भी अध्ययन करेगी। किसानों के कर्ज माफी को लेकर पंजाब सरकार की ओर से गठित की गई विशेषज्ञ कमेटी इसका अध्ययन कर पंजाब में किसानों के कर्ज माफ करने का रास्ता तलाशेगी।
इस संबंध में कमेटी की डॉ. टी हक की अध्यक्षता में हुई बैठक चर्चा की गई है। बैठक में मुख्यमंत्री के प्रधान सचिव सुरेश कुमार, एफसीडी सतीश चंद्रा मौजूद थे। कमेटी ने किसानों के सर चढ़े कर्ज के आंकड़े जुटाने शुरू कर दिए हैं। कमेटी पूरा आकलन करने के बाद किसानों के कर्ज की माफी के तरीके के बारे मेें रिपोर्ट राज्य सरकार को देगी।
यह भी पढ़ें: किसान पिता कर्ज में डूबा था, बेटे को पढ़ाई छूटती लगी तो दे दी जान
डॉ. हक ने बताया कि पंजाब सरकार किसानों का कर्जा माफ करने के लिए तैयार है। इसके लिए किसान संगठनों और किसानों के साथ भी बैठक की जाएगी। इसके अलावा उत्तर प्रदेश में मुख्यमंत्री योगी आदित्य नाथ की सरकार द्वारा किसानों के कर्ज माफ करने की नीति का भी अध्ययन किया जाएगा।
उन्हाेंने कहा कि इसके अलावा केरल पैटर्न पर भी विचार किया जाएगा। हक ने कहा कि अभी सारे आंकड़े जुटाए जा रहे हैं कि पंजाब के किसानों पर कितना कर्ज है। 30 लाख किसानों पर पंजाब में विभिन्न तरह का कर्ज है। आज बैठक में अलग-अलग राय ली गई।
यह भी पढ़ें: पंजाब में आप के विधायकों पर शिअद की नजर, 14 का ग्रुप बनाने की कोशिश
बताया जाता है कि पंजाब सरकार राज्य में लोगों से बिना ब्याज के किसान सहायता बांड खरीद कर पंजाब के किसानों का कर्ज माफ करेगी। पंजाब सरकार ने किसानों के कर्ज माफ करने के लिए योजना को तैयार कर लिया है।
सरकार कर्ज लेगी, 20 साल में लौटाएगी
किसानों का कर्ज माफ करने के लिए पंजाब सरकार कर्ज लेगी और कर्ज को 15 से 20 साल में वापस किया जाएगा। सरकार कर्ज लेकर किसानों का कर्ज बैंको को अदा कर देगी। सरकार कर्ज माफ करने के लिए किसान सहायता बांड जारी करेगी जिस तरह केरल सरकार ने जारी किए हैं। बांड का पैसा साल साल बाद बिना ब्याज के वापस किया जाएगा। इसके लिए सरकार एनआरआई को भी उत्साहित करेगी कि वे बांड खरीदें जिससे किसानों का कर्ज माफ हो सके।