कैप्टन अमरिंदर की कैबिनेट का विस्तार बजट सत्र के बाद
पंजाब की कैप्टन अमरिंदर सिंह सरकार का विस्तार जून में विधानसभा के बजट सत्र के बाद होगा। अभी अमरिंदर कैबिनेट में सीएम सहित 10 मंत्री हैं। ऐसे में आठ और मंत्री बनाए जा सकते हैं।
जेएनएन, चंडीगढ़। पंजाब के मुख्यमंत्री कैप्टन अमरिंदर सिंह अपने मंत्रिमंडल का विस्तार जून में होने वाले विधानसभा के बजट सत्र के बाद ही करेंगे। मुख्यमंत्री इसलिए भी कैबिनेट का विस्तार तुरंत करने के पक्ष में नहीं हैं, ताकि तब तक बाकी के नौ मंत्री अपने-अपने विभागों की कार्यशैली से भली-भांति परिचित हो जाएं। इसके बावजूद मंत्री पद चाहने वाले नेता अभी से सक्रिय नजर आ रहे हैं।
अब तक ये संकेत थे कि मुख्यमंत्री कैप्टन अमरिंदर सिंह बजट सत्र से पहले अपने कैबिनेट का विस्तार कर सकते हैं। ऐसा इसलिए भी अनुमान लगाया जा रहा था कि पूरे मंत्री न बनाए जाने के कारण मुख्यमंत्री कैप्टन अमरिंदर सिंह ने अपने पास 18 से ज्यादा विभाग रखे हुए हैं। बजट सत्र में अगर विपक्ष सक्रिय भूमिका निभाता हैं तो इन विभागों के जवाब भी मुख्यमंत्री को ही देने होंगे।
यह भी पढ़ें: भगवंत मान बोले, पंजाब में ईवीएम नहीं पार्टी नेतृत्व की भारी गलतियों से हार...
माना जा रहा हैं कि कैबिनेट के पहले विस्तार में छह के करीब मंत्री बनाए जाएंगे। इसमें कैप्टन अमरिंदर सिंह का तीन बार विधायक बनने का फार्मूला तो लागू रहेगा, लेकिन कुछ युवा चेहरों को भी तवज्जो दी जाएगी। युवा चेहरों में ज्यादातर पार्टी उपाध्यक्ष राहुल गांधी की पसंद के होंगे।
मंत्री बनने के चाहवानों ने बढ़ाई सक्रियता
दूसरी ओर, मंत्री पद के चाहवान अपनी सक्रियता बढ़ाए हुए हैं। मुख्यमंत्री भी चाहते हैं कि विधायकों की सक्रियता बढ़ी रहे और उनका सत्ता में आने के बाद लोगों से किए जाने वाला बर्ताव भी सामने आते रहे। बहरहाल यह तय है कि जून के बाद होने वाले कैबिनेट विस्तार में कैप्टन अमरिंदर सिंह अनुभव और युवा शक्ति का संतुलन बनाने जा रहे हैं।
यह भी पढ़ें: बादल पिता-पुत्र पर शिकंजा, दोनों के हलकों में बंटी ग्रांट की मांगी रिपोर्ट
दो चरणों में होगा कैबिनेट का विस्तार
117 विधायकों वाली विधानसभा में मुख्यमंत्री समेत 18 मंत्री बन सकते हैं। अभी मुख्यमंत्री समेत 10 मंत्री काम कर रहे हैं। अभी आठ मंत्री बनाए जाने बाकी हैं। वहीं, कैबिनेट में दो चरणों में विस्तार किया जाना तय है। पहले चरण में छह और दूसरे चरण में दो मंत्री बनाए जाने की संभावना है।
कांग्रेस के 77 विधायकों में मुख्यमंत्री कैप्टन अमरिंदर सिंह, स्वास्थ्य मंत्री ब्रह्म मोहिंदरा, वित्तमंत्री मनप्रीत बादल और ग्रामीण विकास मंत्री तृप्त राजिंदर सिंह बाजवा को छोड़ कर किसी भी विधायक को विभागों के कामकाज का अनुभव नहीं हैं। वर्तमान में भी जो नौ मंत्री हैं, उसमें से छह के पास विभाग चलाने का अनुभव नहीं हैं।