मुख्यमंत्री बादल बीमार, पीजीआइ के डॉक्टरों ने दी आराम की सलाह
मुख्यमंत्री प्रकाश सिंह बादल बीमार हैं। उन्हें पीजीआइ के डॉक्टरों ने आराम की सलाह दी है। उनके सभी कार्यक्रम रद कर दिए गए हैं।
चंडीगढ़ (वेब डेस्क)। मुख्यमंत्री प्रकाश सिंह बादल ने गत दिवस अचानक बीमार हो गए थे। इसके कारण उनके सभी कार्यक्रम रद कर दिए गए थे। बादल ने बुधवार को पीजाआइ में अपने स्वास्थ्य की जांच कराई। डॉक्टरों ने उन्हें एक अक्टूबर तक आराम की सलाह दी है।
बता दें, इस साल मुख्यमंत्री की तीसरी बार तबीयत खराब हुई है। इससे पहले फतेहगढ़ चूडिय़ां और नवांशहर में भी संगत दर्शन के दौरान उनकी अचानक तबीयत खराब होने पर तुरंत चंडीगढ़ लाना पड़ा था। तब भी तीन-चार दिन तक उन्हें आराम की सलाह दी गई थी।
मुख्यमंत्री कार्यालय की ओर से बताया गया कि डॉक्टरों ने बादल के चेकअप के बाद उन्हें आराम करने व सफर न करने की सलाह दी है। उल्लेखनीय है कि बादल कल (मंगलवार) आरएसएस के नेता ब्रिगेडियर (सेवानिवृत्त) जगदीश गगनेजा की रस्म पगड़ी में शामिल होने जाना था, लेकिन स्वास्थ्य ठीक न होने के कारण आखिरी मौके पर उनका कार्यक्रम रद कर दिया गया था।