Move to Jagran APP

बूथ स्तर के कार्यकर्ता दिलाते हैं जीत : अमित शाह

जागरण संवाददाता, चंडीगढ़ : भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह ने शनिवार को सेक्टर-27 स्थित रामलीला

By Edited By: Published: Sun, 20 Nov 2016 08:25 PM (IST)Updated: Sun, 20 Nov 2016 08:25 PM (IST)
बूथ स्तर के कार्यकर्ता दिलाते हैं जीत : अमित शाह

जागरण संवाददाता, चंडीगढ़ : भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह ने शनिवार को सेक्टर-27 स्थित रामलीला मैदान में आयोजित बूथ स्तरीय कार्यकर्ता सम्मेलन में कार्यकर्ताओं में जोश भरा। नगर निगम चुनाव के लिए एकजुट होने का आह्वान किया। शाह ने कहा कि भाजपा व अन्य पार्टियों में बुनियादी अंतर है। भाजपा एक विचारधारा को लेकर लक्ष्य के साथ काम करने वाली पार्टी है। इसके लिए संगठन बहुत महत्वपूर्ण है। जहां दूसरी पार्टियां प्रचार, प्रसार और दूसरे हथकंडों के साथ चुनाव लड़ती हैं, वहीं भारतीय जनता पार्टी अपने बूथ स्तर के कार्यकर्ताओं के बलबूते चुनाव जीतती है। भाजपा एक ऐसी लोकतांत्रिक पार्टी है जहां एक बूथ अध्यक्ष राष्ट्रीय अध्यक्ष बन सकता है, एक गरीब चाय बेचने वाले परिवार का बच्चा देश का प्रधानमंत्री बन सकता है। चंडीगढ़ भाजपा की तारीफ करते हुए अमित शाह ने कहा कि इकाई कितनी छोटी है, यह महत्वपूर्ण नहीं, बल्कि इकाई कितनी अच्छी है, यह महत्वपूर्ण है। संगठन की संरचना यदि ठीक हो तो चुनाव में कोई परास्त नहीं कर सकता। देश में 30 साल बाद पूर्ण बहुमत की सरकार बनी है। इस अवसर पर सासद किरण खेर ने अमित शाह का स्वागत किया। उन्होंने अपने द्वारा करवाए जा रहे विकास कार्यो और उपलब्धियों के बारे में जानकारी दी।

loksabha election banner

सम्मेलन में राष्ट्रीय संगठन महामंत्री रामलाल, राष्ट्रीय महामंत्री एवं नगर निगम चुनाव प्रभारी सरोज पांडेय, सासद किरण खेर, पूर्व सासद सत्यपाल जैन, मेयर अरुण सूद, राष्ट्रीय कार्य परिषद सदस्य कमला शर्मा, महिला मोर्चा राष्ट्रीय उपाध्यक्ष आशा जसवाल, कालका विधायक लतिका शर्मा, पंचकूला विद्यायक ज्ञान चंद गुप्ता, उपाध्यक्ष रघुबीर लाल अरोड़ा, महामंत्री प्रेम कौशिक एवं चन्द्रशेखर मौजूद रहे। पूर्व केंद्रीय मंत्री हरमोहन धवन सम्मेलन में शामिल नहीं हुए।

शाह ने कहा कि विदेशों में भारत की साख बढ़ी है। विदेशों में प्रधानमंत्री का स्वागत नरेंद्र मोदी का स्वागत नहीं, भाजपा का स्वागत नहीं बल्कि देश की 125 करोड़ जनता का स्वागत है। पूरे विश्व में भारत का सम्मान बढ़ा है। हमारी सरकार हर 15 दिन में एक नई योजना लेकर आ रही है। देश व जनता के विकास के लिए अब तक कुल 92 योजनाओं को लागू किया जा चुका है । उन्होंने देशवासियों से आग्रह किया कि नरेंद्र मोदी को 15 साल तक पंचायत से पार्लियामेंट की सत्ता देने की आवश्यकता है। देश की कायाकल्प हो जाएगी। इसी कड़ी में उन्होंने चंडीगढ़ में आने वाले निगम चुनाव में कार्यकर्ताओं से बढ़-चढ़कर हिस्सा लेने और मोदी के विकास कार्यो तथा भाजपा की नीतियों को घर-घर ले जाने का आह्वान किया। आने वाले चुनाव में भाजपा को विजयी बनाने का संकल्प लिया।

टंडन ने विकास कार्यो के दम पर कांग्रेस पर साधा निशाना

इससे पूर्व स्वागत भाषण में चंडीगढ़ भाजपा प्रदेशाध्यक्ष संजय टंडन ने बंसल का नाम लिए बिना कहा कि चंडीगढ़ के पूर्व जनप्रतिनिधि ने चंडीगढ़ को कलंकित किया है। उनके समय में रेल घोटाला, बूथ घोटाला व भ्रष्टाचार चरम सीमा पर था जिसके ठीक विपरीत जब से देश को भाजपा का नेतृत्व मिला है, चंडीगढ़ में विकास की लहर चल रही है। विशेष तौर से नगर निगम में जहां पर पिछले 14 साल से काग्रेस का कब्जा था, वहा अब मात्र 10 माह में भाजपा के मेयर ने जन कल्याण हेतु कई कार्यो को अंजाम दिया। पाइप द्वारा घर-घर तक गैस पहुंचाने का काम, यूटी इंप्लाइज हाउसिंग स्कीम को सिरे लगाना, सीएनजी की मंजूरी, पानी के लिए 14 साल से लटका प्रोजेक्ट शुरू करवाना जिससे शहर को 29 एमजीडी पानी मिलेगा, पॉलीथिन से तेल बनाना, लीज तो लीज ट्रासफर आदि बहुत सारे कार्य करवाए गए हैं। उन्होंने कहा कि केंद्र में भाजपा की सरकार है, शहर में भाजपा की सासद हैं और निगम में भाजपा के पार्षद होंगे तो केंद्र से सहायता प्राप्त करने में आसानी होगी तथा शहर में विकास के कार्य होंगे।

निगम चुनाव के महत्व को समझना चाहिए : सरोज

चंडीगढ़ की प्रभारी व राष्ट्रीय महामंत्री सरोज पाण्डेय ने कहा कि बूथ सम्मेलन की गंभीरता इस बात से लगाई जा सकती है कि विश्व की सबसे बड़ी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष स्वयं बूथ स्तर के सम्मेलन में शामिल होने आए हैं। इसके साथ-साथ निगम चुनाव के महत्व को भी समझना चाहिए। उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह अपने विचारों को गढ़ते हैं और उनका क्रियान्वयन करते हैं। इस प्रकार की शख्सियत हमारे बीच में है जिससे चुनाव की गंभीरता का महत्व हमें समझ लेना चाहिए तथा उसी अनुरूप कार्य करने चाहिए।

इधर-उधर की बातों पर ध्यान न दें : रामलाल

राष्ट्रीय संगठन महामंत्री रामलाल ने भी बूथ स्तर के कार्यकर्ताओं की भूमिका और उनके उत्तरदायित्व के बारे में विस्तार से बताया। चुनाव जीतने के मंत्र समझाए। उन्होंने कहा की बूथ जीता तो चुनाव जीता के अनुरूप हमें कार्य करना है। 18 दिसम्बर तक किसी प्रकार की इधर उधर की बातों पर ध्यान न देकर केवल अपना बूथ कैसे जीता जा सकता है, इस बात की चिंता करनी है। उन्होंने निगम चुनाव के लिए ग्रीन चंडीगढ़ क्लीन चंडीगढ़ का नारा दिया।


Jagran.com अब whatsapp चैनल पर भी उपलब्ध है। आज ही फॉलो करें और पाएं महत्वपूर्ण खबरेंWhatsApp चैनल से जुड़ें
This website uses cookies or similar technologies to enhance your browsing experience and provide personalized recommendations. By continuing to use our website, you agree to our Privacy Policy and Cookie Policy.