450 ने किया डिजिटल लॉकर के लिए नामाकन
जागरण संवाददाता, चंडीगढ़: प्रशासन के सूचना एवं प्रौद्योगिकी विभाग ने डिजिटल इंडिया अभियान के तहत
जागरण संवाददाता, चंडीगढ़: प्रशासन के सूचना एवं प्रौद्योगिकी विभाग ने डिजिटल इंडिया अभियान के तहत डिजीटल लॉकर के लिए नामाकन अभियान शुरू कर दिया है। यूटी प्रशासन के कर्मचारियों सहित कुल 450 लोगों ने डिजीटल लॉकर के लिए अपना नाम पंजीकृत कराया है। सूचना एवं प्रौद्योगिकी सचिव डॉ. एसबी दीपक कुमार ने बताया कि डिजिटल लॉकर डिजिटली सशक्त राष्ट्र के रूप में पूरे देश को बदलने की दिशा में एक बड़ा कदम है। यह प्रत्येक निवासी के आधार संख्या से जुड़ा हुआ व्यक्तिगत ई दस्तावेजों का इलेक्ट्रॉनिक भंडारण है।
उन्होंने बताया कि 10 एमबी क्षमता के डिजीटल लॉकर में प्रत्येक उपयोगकर्ता का खाता उनके आधार विवरण से जोड़ा जाएगा। स्वयं का डिजीटल लॉकर बनाने के लिए तीन आसान चरणों में कार्य करना होगा। चरण 1 में पंजीकरण कराना होगा, दूसरे में आधार लिंक्ड वन टाइम पासवर्ड सत्यापन कर मोबाइल नंबर से एसएमएस मिलेगा। चरण 3 में लॉगिन के लिए एक उपयुक्त यूजर आइडी और पासवर्ड बनाएं। उन्होंने कहा कि भविष्य में चंडीगढ़ प्रशासन द्वारा जारी किए गए ई-प्रमाण पत्र सीधे नागरिकों के डिजीटल लॉकर में भेजे जाएंगे। सूचना प्रौद्योगिकी निदेशक प्रिंस धवन ने नागरिकों से आग्रह किया कि डिजिटल लॉकर खोलने के लिए उसके सत्यापन के लिए लिंक किए गए मोबाइल नंबर के साथ आधार संख्या लेकर अपने निकटतम ई-संपर्क सेंटर पर पहुंचे।