1.42 लाख बच्चों ने पी पोलिया ड्राप्स
जागरण संवाददाता, मोहाली : जिला मोहाली में पल्स पोलियो अभियान की शुरुआत रविवार को हो गई। इस दौरान पहले दिन 1,42,456 बच्चों को पोलियो की बूंदे पिलाई गई। अभियान 23 सितंबर तक जारी रहेगा। अभियान के दूसरे दिन घर-घर जाकर बच्चों को पोलियों की बूंदें पिलाई जाएंगी। जिले की सिविल सर्जन नीलम भारद्वाज ने फेज-6 के सिविल अस्पताल से पोलियो मुहिम की शुरुआत की।
नीलम भारद्वाज ने बताया कि अभियान को सफल बनाने के लिए 1121 टीमों का गठन किया गया है। इसकेअलावा 67 मोबाइल टीमें और 36 ट्राजिक्ट टीमें अभियान में जुटी हैं। तीन दिन के इस अभियान के दौरान तीन लाख बच्चों को पोलियो की बूंदे पिलाने का लक्ष्य रखा गया है। ताकि लक्ष्य को शतप्रतिशत पूरा किया जा सके। अभियान के दौरान सिविल सर्जन ने पूरे अभियान का जायजा लिया। वे स्लम एरिया में विशेष तौर पर अभियान का जायजा लेने के लिए पहुचीं। सोमवार से डोर टू डोर अभियान चलाया जाएगा।