भाजयुमो ने शुरू की भ्रष्टाचार विरोधी हेल्पलाइन
जागरण संवाददाता, चंडीगढ़ : प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी द्वारा भ्रष्टाचार के खिलाफ चलाई गई मुहिम 'न खाऊंगा न खाने दूंगा' का सार्थक करते हुए भारतीय जनता युवा मोर्चा ने चंडीगढ़ में भ्रष्टाचार विरोधी हेल्पलाइन नं. 9653333383 का शुभारभ किया है।
भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय सचिव आरपी सिंह ने पार्टी कार्यालय कमलम् में हेल्पलाइन की शुरुआत करते हुए कहा कि भाजपा कार्यकर्ता भ्रष्टाचार को जड़ से मिटाने में तत्पर हैं। इस अवसर पर पूर्व सासद सत्यपाल जैन, प्रदेश महासचिव प्रेम कौशिक, उपाध्यक्ष रघुवीर लाल अरोड़ा, सीनियर डिप्टी मेयर हीरा नेगी, पंचायत समिति चेयरमैन शिगारा सिंह, मोर्चा अध्यक्ष अमित राणा उपस्थित थे।
आरपी सिंह ने भारतीय जनता युवा मोर्चा चंडीगढ़ की सराहना करते हुए कहा कि भ्रष्टाचार के खिलाफ बोलने में आम नागरिक संकोच करता है, लेकिन इस हेल्पलाइन के माध्यम से भ्रष्टाचार पर रोक लगाने में काफी सहयोग मिलेगा। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी भ्रष्टाचार के खिलाफ बहुत संजीदा है तथा उन्होंने इसे जड़ से खत्म करने के लिए कई कदम उठाए है। उन्होंने भ्रष्टाचार को खत्म करने के लिए उठाए गए कदम आरटीओ की पोस्ट खत्म करना, काले धन पर एसआइटी का गठन, सरकार द्वारा दी जाने वाली सभी सबसिडी का सीधे जनता को लाभ पहुंचाने के उद्देश्य से जन-धन योजना शुरू करना, वाहन, मोटर व्हीकल एक्ट में संशोधन करना, समयबद्ध फाइलों का निपटारा करने आदि काफी महत्वपूर्ण हैं।
प्रदेशाध्यक्ष संजय टडन ने भारतीय जनता युवा मोर्चा चंडीगढ़ के कार्यकर्ताओं द्वारा जारी की गई हेल्पलाइन को जनता के हक में बताते हुए कार्यकर्ताओं को बधाई दी तथा हेल्पलाइन के बारे में विस्तार से जानकारी दी। टडन ने बताया कि चंडीगढ़ नगर-निगम के हाल ही में स्टडी टूर पर गए पार्षदों के रिश्तेदारों का पूरा खर्चा उन द्वारा जमा करवा दिया गया है और वे स्वयं इस हक में है कि अगर किसी भी व्यक्ति ने सरकारी खजाने पर एक पैसे का भी बोझ डाला हो तो उस पर कड़ी से कड़ी कार्रवाई की जाए।