प्रेमिका का पिता शादी के लिए नहीं था तैयार, युवक ने किया दिल दहला देने वाला काम
एक युवक अपनी प्रेमिका से शादी करना चाहता था, लेकिन युवती का पिता इसके लिए तैयार नहीं था। इसके बाद युवक ने प्रेमिका के पिता की हत्या कर दी।
जेएनएन, बठिंडा। एक युवक और युवती में प्रेम संबंध था। दोनों शादी करना चाहते थे, लेकिन लड़की का पिता इसके लिए राजी नहीं था। युवक ने उससे कई बार आग्रह किया, लेकिन वह नहीं माना। इस मामले पर पंचायत भी हुई, उसने अपनी बेटी की शादी उसके साथ करने से साफ इन्कार कर दिया। इसके बाद युवक ने बेहद घातक कदम उठाया और प्रेमिका के पिता की हत्या कर दी। पुलिस ने युवक को गिरफ्तार कर लिया है।
जानकारी के अनुसार, गुरसेवक सिंह के बठिंडा के जय सिंह वाला में पिछले दस साल से किराये के मकान में परिवार सहित रह रहा था। पड़ोस में रहने वाले युवक चमकौर सिंह का उसकी बेटी के साथ प्रेम संबंध कायम हो गए। चमकौर और उसकी प्रेमिका शादी करना चाहते थे, लेकिन गुरसेवक सिंह तैयार नहीं था।
बताया जाता है कि चमकौर ने शादी के लिए गुरसेवक सिंह से कई बार बात की, लेकिन वह नहीं माना। इस बारे में गांव में दो-तीन बार पंचायत भी हुई और गुरसेवक सिंह ने युवक से अपनी बेटी का पीछा छुड़ाने की गुहार लगाई थी। इसके बाद भी चमकौर सिंह नहीं माना और गुरसेवक की बेटी से शादी करने पर अड़ा रहा।
शनिवार रात करीब पौने 12 बजे चमकौर सिंह रॉड लेकर प्रेमिका के घर में दाखिल हुआ और बरामदे में सो रहे गुरसेवक सिंह पर ताबड़तोंड़ वार कर उसकी हत्या कर दी। गुरसेवक सिंह की पत्नी सुन नहीं पाती है इसलिए इस घटना को उसे सुबह छह बजे पता चला।
डीएसपी रूरल चंद सिंह ने बताया कि हत्या में युवक की प्रेमिका का कोई हाथ नहीं हैं। यह साजिश उसने खुद ही रची थी। चमकौर को गुरसेवक सिंह की हत्या के आरोप में गिरफ्तार कर लिया गया है। मामले की छानबीन की जा रही है।