विरोध न करने का खामियाजा भुगत रही कांग्रेस : जाखड़
जागरण संवाददाता, बठिंडा सात साल के दौरान एक बार भी अकाली-भाजपा सरकार की नीतियों का सही तरीके से वि
जागरण संवाददाता, बठिंडा
सात साल के दौरान एक बार भी अकाली-भाजपा सरकार की नीतियों का सही तरीके से विरोध दर्ज नहीं करवा पाने की वजह से ही आज कांग्रेस को खामियाजा भुगतना पड़ रहा है और कांग्रेस विपक्ष में बैठी हुई है। यह बात विधानसभा में विपक्ष के कांग्रेस नेता सुनील जाखड़ ने शुक्रवार को पत्रकारों से कही।
उन्होंने किसानों द्वारा फसल बेचने के दौरान किसी तरह की कोई परेशानी न आने के सवाल पर कहा कि कांग्रेस उक्त मुद्दे को सही तरीके से नहीं भुना पा रही है। इसके मद्देनजर चंडीगढ़ में कांग्रेस विधायक दल की बैठक बुलाई गई है। अब गांव-गांव जाकर लोगों की समस्याओं को लेकर मतदाताओं को गोलबंद किया जाएगा, ताकि कांग्रेस को एकजुट किया जा सके।
मुख्यमंत्री प्रकाश सिंह बादल द्वारा भाजपा से गठबंधन टूटने पर राज्य में अमन-शांति को खतरा होने के बयान पर उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश में चुनाव के दौरान दंगे करवाए गए। इसके बाद दिल्ली में चुनाव नजदीक आते ही दंगे करवाए गए। अब आशंका है कि दिल्ली व उत्तर प्रदेश की तरह पंजाब के भी माहौल को बिगाड़ने की साजिश रची जा रही है। साथ ही उन्होंने कहा कि पंजाब में अमन व शांति गठबंधन की वजह से नहीं, बल्कि बेअंत सिंह द्वारा दी गई कुर्बानी की वजह से है। पंजाब का समाज काफी मजबूत है, इसलिए मुख्यमंत्री प्रकाश सिंह बादल की सोच पूरी तरह से गलत है। पंजाब के माहौल को दोबारा बिगाड़ने की कोशिश न की जाए।
एक अन्य सवाल के जवाब में उन्होंने कहा कि धर्म व राजनीति अलग-अलग होनी चाहिए, क्योंकि दोनों के मिलान का खामियाजा पंजाब भुगत चुका है।
1984 के दंगा पीड़ितों को पांच-पांच लाख का मुआवजा देने के एलान के सवाल पर उन्होंने कहा कि सिर्फ 84 के दंगा पीड़ितों को ही नहीं, बल्कि आतंकवाद के दौरान जान गंवाने वाले 25 हजार परिवारों को भी इंसाफ मिलना चाहिए।
पंजाब पीपुल्स पार्टी के प्रधान मनप्रीत बादल के साथ कांग्रेस के गठजोड़ के बारे में उन्होंने कहा कि इस बारे में वह कुछ नहीं कह सकते हैं, क्योंकि यह उनके अधिकार क्षेत्र में नहीं है।