किसान परिवार पर जानलेवा हमला
जासं, बठिंडा जमीन विवाद के चलते दीवाली वाली रात गांव कोट बख्तू के लगभग छह लोगों ने एक किसान के घर
जासं, बठिंडा
जमीन विवाद के चलते दीवाली वाली रात गांव कोट बख्तू के लगभग छह लोगों ने एक किसान के घर में घुसकर जानलेवा हमला कर तेजधार हथियारों से पूरे परिवार को गंभीर रूप से घायल कर दिया। घायल किसान व उसके परिजनों को बठिंडा सिविल अस्पताल में दाखिल करवाया गया है।
सिविल अस्पताल में उपचाराधीन अमरजीत सिंह निवासी गांव कोट बख्तू ने बताया कि दीवाली की रात लगभग सात बजे वह अपने खेतों में पानी लगाकर घर पहुंचाया था। इस दौरान उनके गांव के भूरा राम, दर्शन कुमार, अमरीक सिंह सहित छह अज्ञात लोग हथियारों से लैंस होकर उसके घर में दाखिल हुए और उन पर जानलेवा हमला कर दिया। उन्होंने बताया कि उक्त आरोपियों ने उनके सहित उनकी पत्नी सुखविंदर कौर, बेटी वीरपाल कौर, मनप्रीत कौर व परमजीत कौर को भी मारपीट कर घायल कर दिया। वारदात को अंजाम देने के बाद उक्त लोग मौके से फरार हो गए। पीड़ित अमरजीत सिंह ने बताया कि उक्त लोगों के साथ उसका जमीन को लेकर झगड़ा चल रहा है।
उधर, गांव चरनाथल में दीवाली की रात को दो गुटों में किसी बात को लेकर झगड़ा हो गया। इस झगड़े में जगदीप सिंह व उसका भाई बग्गा सिंह पुत्र चरण सिंह घायल हो गए। घायलों के मुताबिक उनके गांव निवासी सुखमंदर सिंह ने शराब पीकर गाली-गलौच की। आरोपी काली व गोपी को लगा कि उक्त गाली-गलौच उन्होंने की। इसी गलतफहमी में उन पर हमला कर दिया।
उधर, अस्पताल में दाखिल मनोज कुमार निवासी परसराम नगर बठिंडा ने बताया कि दीवाली की शाम को उसने अपने पड़ोस में रहने वाले युवक हरीश कुमार व उसके भाई कृष्ण कुमार को अपने घर के बाहर बैठने से रोका था। इसी बात से गुस्सा होकर शुक्रवार सुबह उक्त दोनों भाइयों ने उसे किसी बहाने से अपने घर बुलाया और उससे मारपीट करते हुए किसी तेजधार हथियार से हमला कर उसका हाथ काट दिया। वारदात को अंजाम देने के बाद दोनों भाई मौके से फरार हो गए, जबकि लहूलुहान हालत में मनोज को उसके चचेरे भाई विजय ने उपचार के लिए सिविल अस्पताल में दाखिल करवाया।
इसके अतिरिक्त रामा के गांव कणकवाल में पुरानी रंजिश के चलते लगभग छह लोगों ने एक व्यक्ति से मारपीट कर उसे गंभीर रूप से घायल कर दिया। घायल राजू सिंह निवासी गांव कणकवाल के बयान पर थाना रामा पुलिस ने आरोपी दीपू सिंह, मूना सिंह, घोनू सिंह व साधा सिंह पर मामला दर्ज कर अगली कार्रवाई शुरू कर दी है।