मेयर के दावेदारों की संख्या बढ़ी
अशोक नीर, अमृतसर
नगर निगम चुनाव परिणाम घोषित हुए बीस दिन हो गए। गठबंधन को स्पष्ट बहुमत के बावजूद अभी तक नगर निगम के मेयर पद पर कोई भी निर्णय नहीं लिया जा सका है। भाजपा मेयर की जिम्मेवारी किस को सौंपती है यह तो समय ही तय करेगा, लेकिन इसके लिए पार्टी में कोई भी सरगर्मी नहीं दिख रही। दसूहा विधानसभा के उपचुनाव में भाजपा व अकाली दल के मंत्री व्यस्त हो गए हैं। इसलिए नगर निगम के मेयर के पद का चयन भी कुछ समय के लिए ठंडे बस्ते में चला गया है।
भाजपा के नवनिर्वाचित पार्षदों के बीच मेयर पद को पाने के लिए जबरदस्त होड़ छिड़ गई है। जैसे जैसे मेयर के नाम की घोषणा में देरी हो रही है वैसे ही भाजपा की टिकट पर जीते चौबीस प्रत्याशी मेयर के पद की दावेदारी ठोंक रहे हैं।
वार्ड नंबर 7 से चुनाव जीते प्रभजीत रटौल भी मेयर पद के दावेदारों में शामिल हो गए हैं। मंत्री अनिल जोशी के खेमे के रटौल तरनतारन नगर कौंसिल के वरिष्ठ उपप्रधान रहे हैं।
लगभग चार वर्ष तक उपप्रधान के पद पर बैठ कर अभूतपूर्व विकास करवाया है। जोशी उन्हें कोई महत्वपूर्ण जिम्मेवारी देने के लिए ही तरनतारन से अमृतसर लाकर चुनाव लड़वाया है। उनकी जीत में जोशी ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है। इसी तरह जोशी खेमे के एक अन्य पार्षद सुखविंदर सिंह पिंटू भी मेयर पद की दौड़ में हैं। सुखविंदर पिंटू सबसे अधिक मतों से जीते हैं।
प्रदेश भाजपा युवा मोर्चा के अध्यक्ष राजेश हनी मेयर पद की दौड़ में सबसे आगे हैं। उन्हें जहां सांसद नवजोत सिंह सिद्धू, मुख्य संसदीय सचिव डा. नवजोत कौर सिद्धू का समर्थन हासिल है, वहीं वह पार्टी संगठन के साथ जुड़े होने के नाते सभी कार्यकर्ताओं को साथ लेकर चलने की कुव्वत रखते हैं। हनी का प्रदेश भाजपा के साथ भी सीधा संपर्क है।
शिरोमणि अकाली दल व कुछ धार्मिक संगठनों द्वारा अमृतसर के मेयर पद की जिम्मेवारी किसी सिख को सौंपने की उठी मांग से वार्ड नंबर 25 से चुनाव जीते जरनैल सिंह ढोट भी इस पद के दावेदारों में शामिल हो गए हैं। वह साबत सूरत सिख हैं, अमृतधारी हैं। यदि अकाली दल का दबाव बढ़ा तो भाजपा एक सिख को मेयर पद की जिम्मेवारी दी सकते है।
उधर, पंजाब सीवरेज बोर्ड के पूर्व चेयरमैन सतपाल महाजन व वर्तमान चेयरमैन डा. बलदेव राज चावला भी मेयर पद को लेकर अपने अपने पारिवारिक सदस्यों की गोटियां बिठा रहे हैं। सतपाल महाजन अपनी बहू प्रिंसिपल रमा महाजन को मेयर की जिम्मेवारी सौंपने के लिए जहां नवजोत सिंह सिद्धू के संपर्क में हैं। वहीं पार्टी हाईकमान के साथ भी वह बातचीत कर रहे हैं। रमा महाजन एक बड़े स्कूल का संचालन करती हैं। वहीं उनके भीतर संगठन को साथ लेकर चलने की क्षमता भी है। डा. बलदेव राज चावला अपने बेटे डा. राम चावला के लिए 'लाबिंग' कर रहे हैं। मेयर के पद को लेकर भाजपा के किस प्रत्याशी की लाटरी निकलती है, यह तो समय ही तय करेगा लेकिन नवजोत सिद्धू व मंत्री अनिल जोशी के बीच मेयर पद को लेकर सहमति होनी अति आवश्यक है अन्यथा गुटबंदी में फंसी भाजपा की अंतर्कलह का लाभ अकाली दल को मिल सकता है।
मोबाइल पर ताजा खबरें, फोटो, वीडियो व लाइव स्कोर देखने के लिए जाएं m.jagran.com पर