कैप्टन को चैन से राज नहीं करने देंगे, वादे पूरे न हुए तो आंदोलन : केजरीवाल
आप संयोजक अरविंद केजरीवाल ने अमृतसर में कहा कि पंजाब में कैप्टन अमरिंदर सिंह को चैन से राज नहीं करने देंगे। उन्होंने चुनावी वादे पूरे नहीं किए तो आंदोलन करेंगे।
जेएनएन, अमृतसर। आम आदमी पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक व दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने कहा कि कैप्टन अमरिंदर सिंह जो वादे कर पंजाब में सत्ता में आए हैं उन्हें पूरा करें। कैप्टन ने ये वादे पूरा नहीं किए तो पंजाब में बड़ा आंदोलन होगा। उन्हें चैन से राज नहीं करने देंगे। इसके साथ ही उन्हाेंने कहा कि आम आदमी पार्टी को पंजाब में बूथ स्तर पर मजबूत करेंगे।
केजरीवाल यहां अटारी रोड पर आम आदमी पार्टी के नेताओं और कार्यकर्ताओं को संबोधित कर रहे थे। इससे पहले वह आज सुबह एक दिन के दौरे पर अमृतसर पहुंचे। उन्होंने यहां श्री दरबार साहिब में माथा टेका। वह पंजाब विधानसभा चुनाव के बाद पहली बार राज्य के दौरे पर आए हैं। केजरीवाल के साथ पंजाब आप के प्रधान भगवंत मान, पार्टी के कई नेता और कार्यकर्ता भी थे।
वर्करों के साथ बैठक में अरविंद केजरीवाल को सम्मानित करते आप नेता।
केजरीवाल ने कहा के कैप्टन अमरिंदर सिंह आैर कांग्रेस ने चुनाव के दौरान पंजाब की जनता से लंबे चाैड़े वादे किए थे। अब इन वादों को पूरा करना होगा। यदि उन्होंने इन्हें पूरा नहीं किया तो आम आदमी पार्टी राज्य में बड़ा आंदोलन करेगी। कैप्टन को चैन से राज नहीं करने देंगे।
उन्होंने कहा कि पार्टी को बूथ स्तर पर मजबूत बनाया जाएगा। उन्होंने कहा कि कार्यकर्ताओं से कहा कि वे लोगों के काम लेकर विधायकों के पास जाएं। जो पार्टी विधायक उनका काम नहीं करेगा उनकी शिकायत पार्टी नेतृत्व से की जाए। केजरीवाल ने कहा कि पंजाब में पार्टी को शक्तिशाली बनाया जाएगा।
उन्हाेंने कहा कि अब पार्टी में वर्करों की सुनी जाएगी। वर्करों द्वारा किए गए फैसले ही पार्टी में लागू होंगे और ऊपर से फैसले ठोपे नहीं जाएंगे। पार्टी में फूट की बातों को भी उन्होंने नकारा और कहा कि सभी नेता व वर्कर एकजुट होकर पार्टी को आगे बढ़ाएंगे।
इससे पहले सुबह यहां पहुंचने पर केजरीवाल का अाप के पंजाब प्रधान भगवंत मान और आप विधायक दल क नेता एसएस फुलका सहित अन्य पार्टी नेताओं ने स्वागत किया। श्री दरबार साहिब में माथा टेकने के बाद केजरीवाल ने व्यापारियों और उद्यमियों के साथ बैठक की। इसके बाद वह अटारी रोड पर एक रिजार्ट में पार्टी के नेताओं और कार्यकर्ताओं के साथ बैठक के लिए पहुंचे।
यह भी पढ़ें: जीएसटी लागू होने से से पूर्व स्टाक क्लीयरेंस में जुटे उद्यमी व व्यापारी
अमृतसर में श्री दरबार साहिब पहुंचे अाप संयोजक अरिवंद केजरीवाल।
केजरीवाल जैसे ही हरिमंदर साहिब में माथा टेक कर बाहर आए तो वहां काफी भीड़ हो गई और धक्का मुक्की हो गई। धक्का-मुक्की के दौरान केजरीवाल का एक सुरक्षाकर्मी मीडिया से उलझ पड़ा। इस धक्का-मुक्की के चलते केजरीवाल मीडिया के साथ बिना कोई बात किए अपनी गाड़ी में बैठ कर चले गए।
कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने दिखाए काले झंडे
केजरीवाल पार्टी कार्यकर्ताओं के साथ बैठक के लिए जा रहे थे ताे रिसोर्ट के पास कुछ कांग्रेसियों ने उनको काले झंडे दिखाए। कांग्रेसियों ने केजरीवाल के विरोध में नारेबाजी भी की। कांग्रेस कार्यकर्ताअों ने उनकी कार काे रोकने का प्रयास किया तो पुलिस ने उनको हटा दिया। इस दौरान पुलिस ने हल्का बल प्रयोग भी किया।
अरविंद केजरीवाल को काला झंडा दिखा रहे कांग्रेस कार्यकर्ताओं को राेकती पुलिस।
पंजाब विधानसभा चुनाव के बाद राज्य संगठन में परिवर्तन के बाद केजरीवाल का यह दौरा काफी महत्वपूर्ण समझा जा रहा है। पिछले दिनों दिल्ली में बैठक कर पार्टी के संगठनात्मक ढांचे में परिवर्तन किया था। गुरप्रीत सिंह घुग्गी को कन्वीनर के पद से हटाकर भगवंत मान को पंजाब का प्रधान बनाया था।
यह भी पढ़ें: पठानकोट में संदिग्ध बैग मिलने से हड़कंप, सेना की तीन वर्दियां बरामद
अमन अरोड़ा को उप प्रधान बनाकर उन्हें संगठन विस्तार की जिम्मेवारी सौंपी थी। अमन अरोड़ा दो सप्ताह में संगठन विस्तार को लेकर किए गए प्रयासों के बारे में केजरीवाल को रिपोर्ट सौंपेंगे। भगवंत मान भी बैठक में शिरकत करेंगे।