लड़कों का डोप टेस्ट, लड़कियों को छूट
कमल कोहली, अमृतसर : पंजाब पुलिस में कांस्टेबलों की भर्ती के लिए 27 जुलाई से शुरू होने वाली प्रक्रिया
कमल कोहली, अमृतसर : पंजाब पुलिस में कांस्टेबलों की भर्ती के लिए 27 जुलाई से शुरू होने वाली प्रक्रिया में बार्डर जोन की करीब 32 हजार लड़किया पसीना बहाएंगी, वहीं लड़के भी भर्ती होने के लिए दमखम दिखाएंगे। भर्ती प्रक्रिया से पहले लड़कों को डोप टेस्ट से गुजरना पड़ेगा, जबकि लड़कियों का डोप टेस्ट नहीं होगा। विभाग द्वारा भर्ती प्रक्रिया के बनाए गए स्थलों पर डोप टेस्ट किटें भेज दी गई हैं।
सरकारी मेडिकल कालेज में लड़कियों व गुरु नानक स्टेडियम व मानांवाला स्टेडियम में लड़कों की भर्ती प्रक्रिया के सारे प्रबंध पुलिस ने पूरे कर लिए हैं। डोप टेस्ट में पॉजिटिव आने वाले आवेदनकर्ता की वीडियोग्राफी बनाने की योजना बनाई गई है। पूरे पंजाब में करीब 7400 से अधिक लड़के-लड़कियों को पंजाब पुलिस कांस्टेबल के लिए सरकार द्वारा नौकरियां निकाली थी। इसमें पूरे पंजाब से करीब सात लाख तक आवेदनकर्ता ने फार्म भरे हैं। लड़कियों की भर्ती प्रक्रिया के लिए पूरे पंजाब में चार जोन अमृतसर, बठिंडा, पटियाला व जालंधर में बनाए गए हैं।
लड़कों की भर्ती के लिए हरेक जिले में सेंटर बनाए गए हैं। अमृतसर में लड़कियों के चयन के लिए सरकारी मेडिकल कालेज की ग्राउंड में भर्ती के सभी प्रबंध पूरे कर लिए गए हैं। इस महिला भर्ती प्रक्रिया के लिए आईजी सिक्योरिटी डॉ. नरेश कुमार, डीआइजी बार्डर जोन कुंवर विजय प्रताप ंिसह, एसएसपी देहाती जसदीप सिंह, कमांडेंट एचपी सिंह, कमांडर आरएस संधू, कमांडेंट दविंदर सिंह, एसपी हैड क्वाटर संदीप शर्मा, ट्रैफिक पुलिस एडीसीपी हरजीत सिंह, डीएसपी जसवंत कौर, पांचवीं बटालियन के जगजीत सिंह वालिया, डीएसपी तरसेम सिंह, विजीलेंस अधिकारी कंवलजीत कौर, नियुक्त किए गए है।
आईजी नरेश कुमार ने कहा कि डोप टेस्ट के लिए सभी मैदानों में शौचालय बनाए गए हैं। उन्होंने कहा कि लड़कियों का डोप टेस्ट नहीं होगा। इसके अलावा भीड़ को नियत्रंण करने के लिए भी महिला पुलिस को भी तैनात किया गया है।
लड़कों की भर्ती मानांवाला में होगी : जसदीप सिंह
एसएसपी देहाती जसदीप सिंह ने कहा कि 27 जुलाई को सुबह साढ़े पांच बजे लड़कों की भर्ती के लिए शारीरिक ट्रायल व डोप टेस्ट के लिए मानांवाला स्टेडियम में सभी प्रबंध पूरे किए गए हैं। देहाती में करीब 22 हजार आवेदनकर्ता हैं। इनका डोप टेस्ट व शारीरिक फिटनेस का टेस्ट होगा। रोजाना 400 से 600 तक आवेदनकर्ता इस प्रक्रिया से गुजरेंगे। उधर, गुरु नानक स्टेडियम में जिला पुलिस द्वारा भर्ती प्रक्रिया का चयन किया जाएगा। नोडल अधिकारी गौरव गर्ग ने कहा कि सभी अधिकारियों की ड्यूटियां लगा दी गई है।