गर्मी से राहत, 6 डिग्री तक लुढ़का पारा
जागरण संवाददाता, अमृतसर : गर्मी से त्राहि-त्राहि कर रही जनता को पश्चिमी विक्षोभ ने राहत पहुंचाई ह
जागरण संवाददाता, अमृतसर : गर्मी से त्राहि-त्राहि कर रही जनता को पश्चिमी विक्षोभ ने राहत पहुंचाई है। हवा के झोंके के बीच बूंदाबांदी के बाद पंजाब के अधिकांश महानगरों में तापमान औंधे मुंह लुढ़क गया है। अमृतसर, लुधियाना व पटियाला में तापमान में 6 डिग्री से 7 डिग्री तक गिरावट दर्ज की गई है। खास बात ये है कि आने वाले 72 घंटे के दौरान भी आसमान में बादल छाए रहेंगे। कुछ स्थानों पर बारिश के भी आसार हैं।
मौसम विभाग के मुताबिक मंगलवार को अमृतसर का तापमान 37 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। सोमवार को महानगर का तापमान 43.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया था। अमृतसर में आज दिनभर आसमान में बादल छाए रहे। ठंडी हवा के झोंके के बीच बूंदाबांदी भी हुई। इसके बाद तापमान में 6.4 डिग्री की गिरावट दर्ज की गई। इसी तरह लुधियाना में 37.6 और पटियाला में अधिकतम तापमान 37.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
मौसम विभाग की मानें तो पश्चिमी विक्षोभ के कारण मौसम का मिजाज बदला है। गर्मी से झुलस रही जनता को राहत मिली है। विभाग के मुताबिक 6 मई तक आसमान में बादल छाए रहेंगे। धूल भरी हवा चलेगी। कुछ स्थानों पर बारिश की भी संभावना है।