80, 81, जफरवाल व दादूवाल का दो दिन का पुलिस रिमांड बढ़ा
जागरण संवाददाता, अमृतसर देश द्रोह के केस में गिरफ्तार पूर्व आतंकी वस्सन सिंह जफरवाल और संत बलजीत स
जागरण संवाददाता, अमृतसर
देश द्रोह के केस में गिरफ्तार पूर्व आतंकी वस्सन सिंह जफरवाल और संत बलजीत सिंह दादूवाल को थाना चाटीविंड पुलिस ने शुक्रवार शाम जेएमआइसी की अदालत में पेश किया। अदालत ने उनका दो दिन का रिमांड बढ़ा दिया। इस दौरान जफरवाल व दादूववाल के समर्थकों ने अदालत के बाहर सरकार के खिलाफ नारेबाजी भी की।
जानकारी के अनुसार पुलिस ने जफरवाल व दादूवाल को पेश करते हुए अदालत से कहा कि गिरफ्तार किए गए इन दोनों पंथक नेताओं के तार खालिस्तानी समर्थकों से जुड़े हुए हैं,, जिस बारे में अभी पूछताछ पूरी नहीं हुई है। डीएसपी अटारी गुरमीत सिंह और थाना चाटीविंड के एसएचओ अरविंदर सिंह ने अदालत में कहा है कि सरबत खालसा के दौरान खालिस्तानी सामग्री बांटी गयी। पुलिस ने अदालत को एक पंपलेट भी दिखाया गया। पुलिस ने कहा है कि जफरवाल व दादूवाल के पास खालिस्तानी सामग्री है। यह सामग्री कहां से छपी। इस बारे में भी पूछताछ करनी है। हालांकि दादूवाल और जफरवाल के वकीलों ने इसे झूठ बताया। सुनवाई के बाद अदालत ने दो दिन का पुलिस रिमांड बढ़ा दिया है। सोमवार को फिर से जफरवाल व दादूवाल को अदालत में पेश किया जाएगा।
इससे पहले थाना चाटीविंड पुलिस जब इन दोनों को अदालत लेकर पहुंची तो वहां पर उनके सैकड़ों समर्थक मौजूद थे। समर्थकों ने पंजाब सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। सिटी पुलिस द्वारा सुरक्षा के प्रबंध नहीं किए गए थे। जैसे ही नारेबाजी हुई तो एसीपी नार्थ गुरनाम सिंह भारी पुलिस बल के साथ कचहरी परिसर पहुंचे और समर्थकों को अदालत के मेन गेट से दूर कर दिया गया।
उल्लेखनीय है कि दस नवंबर को गांव चब्बा में हुए सरबत खालसा में वस्सन सिंह जफरवाल और बलजीत सिंह दादूवाल की अहम भूमिका थी। सरबत खालसा में संत बलजीत सिंह दादूवाल को तख्त श्री केसगढ़ साहिब का जत्थेदार भी घोषित किया गया था। इसके बाद बीस पंथक नेताओं के खिलाफ थाना चाटीविंड में देशद्रोह का केस दर्ज किया गया था। इस केस में जफरवाल व दादूवाल शुक्रवार तक पुलिस रिमांड पर थे।