डंप पर राजनीति न की जाए : निकाय मंत्री
जागरण संवाददाता, अमृतसर : स्थानीय निकाय मंत्री अनिल जोशी ने कहा कि डंप के मामले पर राजनीति नहीं होनी
जागरण संवाददाता, अमृतसर : स्थानीय निकाय मंत्री अनिल जोशी ने कहा कि डंप के मामले पर राजनीति नहीं होनी चाहिए। इसका हल ढूंढना होगा। डिप्टी सीएम सुखबीर सिंह बादल ने डंप के मुद्दे का हल ढूंढने के लिए चंडीगढ़ में शुक्रवार को बैठक बुलाई थी। धुंध के कारण बैठक स्थगित कर दी गई है। संभावना है कि सोमवार को बैठक दोबारा होगी। जिससे डंप के विवाद का हल निकल जाएगा। अनिल जोशी पुलिस लाइन में पत्रकारों से बातचीत कर रहे थे।
जोशी ने कहा कि हाईकोर्ट का भी निर्देश है कि डंप के मुद्दे का हल ढूंढ कर जल्द से जल्द सॉलिड वेस्ट मैनेजमेंट प्लांट स्थापित किया जाए। नेशनल ग्रीन ट्रिब्यूनल व प्रदूषण विभाग ने भगतावाला में ही कूड़ा फेंकने का प्रमाणपत्र दे रखा है। गुरुनगरी के मास्टर प्लान में भी कूड़ा फेंकने के लिए भगतावाला डंप को ही चुना हुआ है। जब तक सॉलिड वेस्ट मैनेजमेंट प्लांट नहीं लगता। तब तक अस्थायी व्यवस्था तो हो सकती है। जहां विभिन्न विभागों ने कूड़ा फेंकने की आज्ञा दे रखी है। वहां पर कूड़ा फेंकना मजबूरी है। जोशी ने दावा किया कि जब सॉलिड वेस्ट मैनेजमेंट प्लांट स्थापित हो जाएगा तब किसी को कोई परेशानी नहीं आएगी।
डबल वोट के मुद्दे पर पंजाब चुनाव कार्यालय द्वारा अतिरिक्त मुख्य निर्वाचन अधिकारी रमिंदर सिंह ने पंजाब हरियाणा हाईकोर्ट में दायर किए गए हलफनामा का स्वागत करते हुए जोशी ने कहा कि उन्होंने 2007 व 2012 का विधानसभा चुनाव लड़ा है। उसमें उनका एक ही वोट था। उन्होंने न कभी दूसरी वोट बनाई है। उन पर जो आरोप लगाए गए थे वह राजनीति से प्रेरित थे।
सिद्धू पर हुए हमले की निंदा की
जोशी ने कहा कि नवजोत सिंह सिद्धू पर हुए हमले की जितनी भी निंदा की जाए कम है। लोकतंत्र विचारों की लड़ाई है। यदि किसी व्यक्ति को सिद्धू के विचार ठीक नहीं लगते है तो वह उन्हें न सुनें। इसका अर्थ यह नहीं है कि उनके ऊपर हमला करवाया जाए। जब उनसे यह पूछा गया कि सिद्धू ने मुख्यमंत्री प्रकाश सिंह बादल पर हमला करने के आरोप लगाए है तो उन्होंने कहा कि वह इस बात में उलझना नहीं चाहते हैं।