सॉलिड वेस्ट प्लांट के लिए एक हफ्ते में टेंडर
जागरण संवाददाता, अमृतसर : कचरे के स्थायी हल के लिए सरकार ने सॉलिड वेस्ट प्लांट लगाने की योजना को सिर
जागरण संवाददाता, अमृतसर : कचरे के स्थायी हल के लिए सरकार ने सॉलिड वेस्ट प्लांट लगाने की योजना को सिरे चढ़ाने की कवायद शुरू कर दी है। स्थानीय निकाय मंत्री अनिल जोशी ने सॉलिड वेस्ट प्लांट के लिए एक सप्ताह में टेंडर जारी करने के निर्देश निगम कमिश्नर प्रदीप सभ्रवाल को दिए हैं।
बता दें कि सॉलिड वेस्ट प्लांट लगाने के लिए तीन बार निगम की ओर से टेंडर जारी किए जा चुके हैं, लेकिन कभी हाई रेट तो कभी कंपनियों की बेरुखी के कारण आठ साल से यह योजना खटाई में ही पड़ी है। अदालत ने छह माह में ही निगम को टेंडर की प्रक्रिया शुरू करने का निर्देश पिछले साल ही दिया था। अब नेशनल ग्रीन ट्रिब्यूनल (एनजीटी) ने भी प्लांट लगाने का निर्देश दे दिया है। लिहाजा जोशी ने सभ्रवाल को जल्द से जल्द प्लांट लगाने के लिए टेंडर जारी करने के निर्देश दिए हैं।
प्लांट लगाने के लिए अदालत के निर्देश के मुताबिक निगम कदम बढ़ाएगा। प्लांट लगाने के लिए 25 एकड़ रकबे में बने भगतांवाला डंप का चयन किया गया है। इसके लिए केंद्रीय पर्यावरण मंत्रालय समेत पांच विभागों से एनओसी भी ले ली गई है। हालांकि, डंप के मुद्दे पर सुलगी सियासत को देखते हुए निगम के लिए राह आसान नहीं होगा। इधर, कचरा दबाने के लिए निगम ने डंप पर बुलडोजर भेज दिया है। निकाय मंत्री अनिल जोशी ने कहा कि डंप पर दीवारी के लिए 2 करोड़ की राशि निगम को देने के लिए ट्रस्ट के प्रस्ताव को मंजूरी दे दी गई है। निगम जब चाहें ट्रस्ट से पैसा ले सकता है।
कचरे पर दौड़ा बुलडोजर
भगतांवाला डंप पर जमा कचरे पर निगम के दो बुलडोजर दौड़ पड़े। 15 फीट ऊंचे कचरे के ढेर को दबाने में वीरवार को दोनों बुलडोजर सुबह से शाम तक जुट रहे। निगम कमिश्नर प्रदीप सभ्रवाल ने कहा कि डंप पर लगातार कचरे को दबाया जाएगा। यह प्रक्रिया जारी रहेगी। इसके बाद कचरे पर मिट्टी भी डाली जाएगी।