फूड सप्लाई विभाग के इंस्पेक्टर की हुई थी हत्या
जागरण संवाददाता, अमृतसर : फूड सप्लाई विभाग में तैनात इंस्पेक्टर वरिंदर सिंह की मौत के मामले में थाना जंडियाला पुलिस ने दो वर्ष के बाद हत्या का केस दर्ज किया है। यह केस मृतक की प्रेमिका और उसके पति के खिलाफ दर्ज किया गया है। मृतक के पिता जोगिंदर सिंह पिछले दो वर्ष से अपने बेटे की मौत के मामले में केस दर्ज करवाने के लिए पुलिस अधिकारियों के कार्यालयों के चक्कर काट रहे थे।
जोगिंदर सिंह निवासी गांव सुल्तानविंड ने पुलिस को बताया कि उनका बेटा वरिंदर सिंह फूड सप्लाई विभाग में नौकरी करता था। बीस अप्रैल 2012 को उनका बेटा घर से ड्यूटी के लिए निकला, मगर वह अपनी ड्यूटी पर नहीं पहुंचा। उनके बेटे का मोबाइल फोन भी बंद आ रहा था। अगले दिन उनके बेटे का शव गांव दोबुर्जी से रामपुरा जाने वाली सड़क के किनारे संदिग्ध हालत में मिला। पुलिस ने उस समय धारा 174 के तहत शव का पोस्टमार्टम करवाया और मामले को ठंडे बस्ते में डाल दिया। वह बार-बार कहते रहे कि उनके बेटे की जहर देकर हत्या की गई है, मगर किसी ने उनकी बात नहीं सुनी। उन्होंने उच्च पुलिस अधिकारियों को मामले की शिकायत की। इस संबंध में अदालत का दरवाजा खटखटाया।
दो वर्ष तक किए गए संघर्ष के बाद थाना जंडियाला पुलिस ने शनिवार को इस मामले में हत्या का केस दर्ज कर लिया है। जोगिंदर सिंह का कहना है कि उनके बेटे के अवैध संबंध रमणदीप कौर पत्नी निशान सिंह निवासी कपूर नगर सुल्तानविंड रोड के साथ थे। आरोपी निशान सिंह व रमणदीप कौर ने ही उनके बेटे की हत्या करके शव को फेंका था। थाना जंडियाला पुलिस द्वारा केस दर्ज करने के बाद आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए छापामारी शुरू कर दी गई है।