AAP कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए मनीष सिसोदिया की फिसली जुबान, कहा दी बड़ी बात
पंजाबी बाग में पार्टी कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए उपमुख्यमंत्री मनीष सिसोदिया की जुबान फिसल गई।
नई दिल्ली, जेएनएन। दिल्ली के पंजाबी बाग में पार्टी कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए उपमुख्यमंत्री मनीष सिसोदिया की जुबान फिसल गई। भाजपा और कांग्रेस पर निशाना साधते हुए उन्होंने कहा कि दिल्ली के लोग कह रहे हैं कि 2020 में न मोदी पर वोट जाए, न केजरीवाल पर जाए। कार्यकर्ताओं ने जब टोका तो सिसोदिया ने कहा न मोदी, न राहुल, लोग कह रहे वोट केजरीवाल को जाएगा।
उन्होंने कहा कि चुनाव के बाद अन्य पार्टियां आराम फरमा रही हैं। हम पसीना बहा रहे हैं। आज से 2020 की लड़ाई शुरू। यह लड़ाई टीम केजरीवाल लड़ेगी। कार्यकर्ताओं से अपील करते हुए सिसोदिया ने कहा कि पार्टी के सभी नेता आपसी मतभेद भुलाकर पार्टी के लिए काम करें।
वहीं दिल्ली के आप संयोजक गोपाल राय ने कहा कि पार्टी विधानसभा में किसी भी दल से गठबंधन नहीं करेगी। पार्टी अपने दम पर चुनाव लड़ेगी।
उधर, पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक और दिल्ली के सीएम केजरीवाल ने भी कार्यकर्ताओं को संबोधित किया। उन्होंने कहा कि आप के लिए कोई सत्ता विरोधी लहर नहीं थी, फिर भी परिणाम पक्ष में न आने का कारण था कि देश में एक अलग आंधी बह रही थी। दिल्ली भी उससे अछूता नहीं रहा। लोकसभा चुनाव के दौरान कहा जा रहा था लोकसभा का चुनाव राहुल और मोदी का रहा। हालांकि, इस चुनाव में हम लोगों को समझा नहीं पाए कि आम आदमी पार्टी को वोट क्यों दें?
केजरीवाल ने कहा कि लोग अब कह रहे हैं कि विधानसभा चुनाव में आम आदमी पार्टी को ही वोट देंगे। उन्होंने कहा कि पार्टी कार्यकर्ता जनता के बीच जाएं और सरकार की उपलब्धियों को बताएं। दिल्ली के सीएम ने कहा कि आज साढ़े छह साल हो गए हैं, फिर भी आप अपने वसूलों पर खड़ी है।
बता दें कि लोकसभा चुनाव में पार्टी को करारी शिकस्त झेलनी पड़ी है। दिल्ली की 7 लोकसभा सीटों पर हुए चुनाव में आम आदमी पार्टी अपना खाता तक नहीं खोल पाई। हालात ये हुई की पार्टी के 3 उम्मीदवार अपनी जमानत तक नहीं बचा पाए।
दिल्ली-NCR की ताजा खबरों को पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें
लोकसभा चुनाव और क्रिकेट से संबंधित अपडेट पाने के लिए डाउनलोड करें जागरण एप