गुरुमुख सिंह मुख्खे बने मानगो गुरुद्वारा के प्रधान
गुरुमुख सिंह मुख्खे मानगो गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी के प्रधान बन गए हैं। उन्होंने 75 वोट से चुनाव जीत लिया। रविवार को हुए मतदान में कुल 1360 मतों में से 964 वोट पड़े।
जमशेदपुर। गुरुमुख सिंह मुख्खे मानगो गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी के प्रधान बन गए हैं। उन्होंने 75 वोट से चुनाव जीत लिया। रविवार को हुए मतदान में कुल 1360 मतों में से 964 वोट पड़े। मुख्खे को 505, कुलविंदर सिंह गोरा को 430 वोट मिले। 27 वोट रद हो गए तथा दो मतदाता बैलेट पेपर अपने साथ लेकर चले गए। सुबह सात से शाम चार बजे तक हुए मतदान के बीच कई बार हो-हल्ला हुआ लेकिन कोई अप्रिय स्थिति नहीं बनीं। शाम चार बजे से शुरू हुई मतगणना 5.30 बजे तक चली। 5.30 बजे परिणाम की घोषणा कर दी गई।
परिणाम घोषित होने के बाद गुरुद्वारे में अरदास हुई। ग्रंथी ने मुख्खे को सरोपा भेंट किया। इसके बाद सेंट्रल गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी के प्रधान इंदरजीत सिंह ने मुख्खे को प्रमाण पत्र दिया। इस बीच पूरा गुरुद्वारा परिसर जो बोले सो निहाल.. से गूंजता रहा। प्रमाण पत्र लेकर जैसे ही मुख्खे गुरुद्वारा से बाहर निकले उनके समर्थकों में उन्हें माला पहनाने की होड़ लग गई।
समर्थकों ने उन्हें कंधे पर उठा लिया और देर तक भांगड़ा करते रहे। इसके बाद मिठाइयों का दौर चला। लड्डुओं से सबका मुंह मीठा कराया गया। चुनाव जीतने के बाद ढोल-नगाड़े की धुन पर भांगड़ा करते हुए समर्थकों के साथ मुख्खे ने गुरुद्वारा रोड का भ्रमण किया। घर-घर जाकर बुजुर्गो का आशीर्वाद लिया। मुख्खे की जीत पर युवा कांग्रेस के नेता परविंदर सिंह ने बधाई दी है।
तैनात थी दो थानों की पुलिस
मतदान व मत गणना के दौरान विधि व्यवस्था बनाए रखने के लिए आजादनगर व मानगो थाने के कुल 40 सिपाही तैनात थे। आजादनगर के थाने के प्रभारी दीपक कुमार, मानगो थाने के सब इंस्पेक्टर रामचन्द्र पाल व मानगो के इंस्पेक्टर अरुण मिश्रा भी गुरुद्वारे में मौजूद थे। दंडाधिकारी के रूप में तैनात जिला सहकारिता पदाधिकारी मनोज कुमार की देखरेख में मतदान व मतगणना हुई।
पूरी पूरी टीम करेगी सहयोग
मुख्खे के प्रतिद्वंद्वी कुलविंदर सिंह गोरा ने कहा कि चुनाव शांतिपूर्वक हुआ। गुरुमुख सिंह को संगत ने गुरु घर की सेवा करने का मौका दिया है। मुझे पूरी उम्मीद है कि वे बेहतर तरीके से गुरु घर की सेवा करेंगे। मेरी पूरी टीम उनका सहयोग करेगी।
सबको साथ लेकर करेंगे सेवा
चुनाव जीतने के बाद गुरुमुख सिंह मुख्खे ने कहा कि क्या पक्ष, क्या विपक्ष, सह सेवा का काम है। इसलिए सबको साथ लेकर गुरु घर और समाज की सेवा करेंगे। मेरे घोषणा पत्र में जिन कार्यो का उल्लेख किया गया है, प्राथमिकता के आधार पर सारे कार्य पूरा करेंगे। अपनी जीत को उन्होंने मानगो की संगत की जीत बताई।
मोबाइल पर ताजा खबरें, फोटो, वीडियो व लाइव स्कोर देखने के लिए जाएं m.jagran.com पर