इस तपस्या की भी इंशा अल्लाह आएगी ईद
सिने अभिनेता रजा मुराद नगर प्रवास के दौरान शनिवार को सुबह 9.25 बजे अपने प्रशंसकों के हुजूम के साथ गंगा तपस्वियों से मिलने मंडलीय अस्पताल पहुंचे।
वाराणसी। सिने अभिनेता रजा मुराद नगर प्रवास के दौरान शनिवार को सुबह 9.25 बजे अपने प्रशंसकों के हुजूम के साथ गंगा तपस्वियों से मिलने मंडलीय अस्पताल पहुंचे। 155 दिनों की अन्न-जल त्याग तपस्या देख वह काफी भावुक हो गए, कहा फर्ज रोजा के बाद ईद आती है, इस तपस्या की भी इंशाअल्लाह ईद आएगी।
वह सबसे पहले तपस्यारत साध्वी पूर्णाबा और शारदांबा से मिले। उनका हाल जाना और कहा कि आप बहुत नेक काम कर रही हैं। अल्लाह की राह में कुर्बानियों के लिए जो आगे आता है उसे उसका सिला मिलता ही है। आप लोग इतने दिनों से तपस्या कर रहे हैं। भूख-प्यास की मार के बाद भी चेहरे का यह तेज बताता है कि तप बेकार नहीं जाएगा। हां, अल्लाह के घर में देर है पर अंधेर नहीं। एक दिन कामयाबी कदम चूमेंगी। मैं आप लोगों के साथ हूं। इसके बाद वह कृष्णप्रियानंद से मिले। सबसे कम उम्र के तपस्वी को देख वह काफी प्रभावित हुए। कहा, आप की उम्र जरूर कम है पर आस्था के सामने उम्र की कोई सीमा नहीं होती, तप का स्थान काफी बड़ा होता है। इसके बाद वह संन्यासी योगेश्वरानंद, गंगाप्रेमी से भी मिले और भरोसा दिया कि वह गंगा अभियान में उनके साथ हैं और जिस दिन कामयाबी मिलेगी उस जश्न में भी शरीक होने जरूर आएंगे।
रजा मुराद के अस्पताल पहुंचते ही उनके देखने वालों का हुजूम उमड़ पड़ा। उन्हें नजदीक से देखने की होड़ लग गई।
डॉ. जोशी ने भी जाना तपस्वियों का हाल-भाजपा सांसद डॉ. मुरली मनोहर जोशी भी शनिवार को पार्टी कार्यकर्ताओं के साथ सायंकाल 6 बजे मंडलीय अस्पताल पहुंचे और चिकित्सकों से तपस्वियों के स्वास्थ्य के बारे में तफ्सील से जानकारी हासिल की। इसके बाद एक-एक कर तपस्वियों से उनका हाल जाना। बताया, गंगा की अविरलता के बाबत प्रधानमंत्री से उनकी वार्ता हो चुकी है। भरोसा दिया कि इस समय प्रधानमंत्री विदेश यात्रा पर हैं, चार-पांच दिनों में आ जाएंगे फिर उनसे इस मसले पर बात की जाएगी।
मोबाइल पर ताजा खबरें, फोटो, वीडियो व लाइव स्कोर देखने के लिए जाएं m.jagran.com पर