महानिर्वाणी व अटल अखाड़ा का धर्मध्वजा पूजन
संत-महात्माओं व प्रशासनिक अधिकारियों की मौजूदगी में श्री पंचायती अखाड़ा महानिर्वाणी व अटल अखाड़ा का धर्मध्वजा पूजन हुआ।
इलाहाबाद। संत-महात्माओं व प्रशासनिक अधिकारियों की मौजूदगी में श्री पंचायती अखाड़ा महानिर्वाणी व अटल अखाड़ा का धर्मध्वजा पूजन हुआ। कुंभ मेला क्षेत्र में सोमवार की सुबह आचार्य गंगाधर दुबे, बाबूलाल मिश्र के वैदिक मंत्रोच्चार, शहनाई व बाजा की धुन के बीच महानिर्वाणी अखाड़ा के महंत रवींद्र पुरी, महंत रामसेवक गिरि, महंत जगदीश पुरी ने धर्मध्वजा का पूजन किया। पूजन के दौरान वहां मौजूद संत-महात्मा हर-हर महादेव, गंगा मइया व गुरु कपिल महाराज का जयकारा लगा रहे थे।
दूसरी ओर अटल अखाड़ा का धर्मध्वजा मेला क्षेत्र में पूरे विधि-विधान से स्थापित हुआ। आचार्य गंगाधर दुबे, श्रवण दुबे के निर्देशन में अखाड़ा के महंतों ने अपने आराध्य गणेश भगवान को याद करते हुए सचिव महंत उदय गिरि, महंत सतीश गिरि, महंत ब्रह्मचारी पुरी की अगुवाई में ध्वजा स्थापित की।
अखाड़ा के मीडिया प्रभारी तीर्थराज पांडेय बच्चा भइया ने बताया कि तीन जनवरी को महानिर्वाणी व पांच जनवरी को अटल अखाड़ा की पेशवाई होगी। इसके पहले कुंभ मेलाधिकारी मणि प्रसाद मिश्र, आइजी आलोक शर्मा, एसएसपी आरकेएस राठौर ने महंतों का स्वागत किया। महंत जगेश्र्र्वर पुरी, महंत ब्रजकिशोर, महंत नरेंद्र गिरि, महंत कैलाशानंद, एसके शर्मा, धर्मराज पांडेय, दुकान जी, कैलाश भारती, जोगेश्र्र्वर पुरी, दिगंबर, रमेश गिरि आदि मौजूद थे।
मोबाइल पर ताजा खबरें, फोटो, वीडियो व लाइव स्कोर देखने के लिए जाएं m.jagran.com पर