टोकन से आठ हजार श्रद्धालुओं ने किए दर्शन
श्री बदरीनाथ धाम में कपाट खुलने के दूसरे दिन सोमवार से भगवान के दर्शनार्थ टोकन व्यवस्था शुरू की गई। पहले दिन टोकन से आठ हजार से अधिक श्रद्धालुओं ने भगवान के दर्शन किए।
बदरीनाथ। श्री बदरीनाथ धाम में कपाट खुलने के दूसरे दिन सोमवार से भगवान के दर्शनार्थ टोकन व्यवस्था शुरू की गई। पहले दिन टोकन से आठ हजार से अधिक श्रद्धालुओं ने भगवान के दर्शन किए।
श्री बदरीनाथ केदारनाथ मंदिर समिति ने बदरीनाथ के कपाट खुलने के पहले दस दिन तक ट्रायल के रूप में टोकन व्यवस्था शुरू की है। सोमवार को पहले दिन टोकन से आठ हजार श्रद्धालुओं ने भगवान के दर्शन किए। हालांकि, यात्रियों को टोकन लेने के लिए काउंटर ढूंढ़ने में परेशानी हुई।
मंदिर समिति के मुख्य कार्याधिकारी बीडी सिंह ने बताया कि पहले दिन का टोकन व्यवस्था सफल रही। पहला टोकन मंदिर समिति के बदरीनाथ स्थित म्यूजियम में रखा गया है। दूसरा टोकन समिति की उपाध्यक्ष मधु भट्ट, तीसरा टोकन बच्चन सिंह और चौथा टोकन जगजीत मेहता को दिया गया। वहीं, दिल्ली से आए संजय कुमार शर्मा ने बताया कि टोकन के जरिये उन्होंने समय से भगवान के दर्शन किए। कलकत्ता की शिवानी घोष ने बताया कि टोकन व्यवस्था से उनके परिवार ने तीन बजे दर्शन किए। मेरठ के व्यवसायी अरविंद सेठ ने मंदिर दर्शन व्यवस्था में सुधार को मील का पत्थर बताया।
उधर, बदरीनाथ के उप मुख्य कार्याधिकारी जेपी नंबूरी, विशेष कार्याधिकारी एलएन सती, मंदिर अधिकारी दीवान सिंह मेहता, सहायक अभियंता विपिन तिवारी ने कहा कि जिस प्रकार पहले ही दिन आठ हजार श्रद्धालुओं ने टोकन सिस्टम से दर्शन किए, उससे लगा है कि यह व्यवस्था स्थाई रूप से चलेगी।
मोबाइल पर ताजा खबरें, फोटो, वीडियो व लाइव स्कोर देखने के लिए जाएं m.jagran.com पर