शिव मंदिर में दादी राणी सती का पाठ संपन्न
गत संध्या को लमटीबहाल स्थित ओपीएम शिव मंदिर परिसर में लमटीबहाल की राणी सती मंगलपाठ कमेटी द्वारा मंगलपाठ का आयोजन किया गया।
ब्रजराजनगर। गत संध्या को लमटीबहाल स्थित ओपीएम शिव मंदिर परिसर में लमटीबहाल की राणी सती मंगलपाठ कमेटी द्वारा मंगलपाठ का आयोजन किया गया। कमेटी की मधु भार्गव एवं संतोष शर्मा के नेतृत्व में उषा शर्मा, पारो डालमिया, पुष्पा अग्रवाल, सुधा अग्रवाल, उर्मिला तथा सोना नांगलिया इत्यादि पांच महिलाओं ने लाल-पीला साड़ी पहनकर इस मंगलपाठ में अंश ग्रहण किया।
इस कलियुग में राणी सती दादी के मंगलपाठ को सभी मनोरथ के पूर्ण करने वाला अनुष्ठान माना गया है एवं दिनों दिन इस पाठ का महत्व एवं प्रसिद्धि काफी फैल रही है। कहा जाता है कि दादी राणी सती पूर्व जन्म में अभिमन्यु की पत्नी थी एवं चक्त्रव्यूह में अभिमन्यु की मौत के बाद उत्तरा ने सती होना चाहा था, लेकिन गर्भवती होने की वजह से भगवान कृष्ण ने उसे ऐसा करने से मना कर दिया था एवं उसी उत्तरा ने कलियुग ने नारायणी के रूप में जन्म दिया एवं सती हुई तथा दादी राणी सती के नाम से प्रसिद्ध हुई एवं राजस्थान के झुंझनू में दादी का भव्य मंदिर निर्माण किया गया है।
सर्व मनोरथ पूरा करने वाली दादी राणी सती की महिमा पूरे देश में फैल गई एवं जगह-जगह दादी का मंदिर निर्माण होने के साथ-साथ असंख्य लोगों द्वारा पूजी जाने लगी। ब्रजराजनगर में भी दादी भक्त बाबूलाल रूंगटा द्वारा दादी का अत्यंत ही रमणीक मंदिर का निर्माण कार्य जोरों पर है। शाम को दादी का पाठ समाप्त होने के बाद आरती के उपरांत कमेटी द्वारा सभी महिलाओं को साड़ी एवं सुहाग पिटारी प्रदान की गई।
मोबाइल पर ताजा खबरें, फोटो, वीडियो व लाइव स्कोर देखने के लिए जाएं m.jagran.com पर