मानसरोवर यात्रा के लिए बढ़ेंगी सुविधाएं
भारत व चीन की महत्वपूर्ण धार्मिक कैलास-मानसरोवर यात्रा पर जाने वाले श्रद्धालुओं की सुविधाओं में इस बार इजाफा होगा। यात्रा की तैयारी को लेकर विदेश मंत्रालय ने 10 फरवरी को दिल्ली में बैठक बुलाई है। यात्रा के आयोजक कुमाऊं मंडल विकास निगम को इस बार विदेश मंत्रालय दो लग्जरी बसें देगा। इसके अलावा नोएडा में यात्रियों की सुविधाओं व निवास के लिए कैलास भवन निर्माण के लिए विदेश मंत्रालय ने आठ करोड़ रुपये स्वीकृत किए हैं।
नैनीताल, [चन्द्रेक बिष्ट]। भारत व चीन की महत्वपूर्ण धार्मिक कैलास-मानसरोवर यात्रा पर जाने वाले श्रद्धालुओं की सुविधाओं में इस बार इजाफा होगा। यात्रा की तैयारी को लेकर विदेश मंत्रालय ने 10 फरवरी को दिल्ली में बैठक बुलाई है। यात्रा के आयोजक कुमाऊं मंडल विकास निगम को इस बार विदेश मंत्रालय दो लग्जरी बसें देगा। इसके अलावा नोएडा में यात्रियों की सुविधाओं व निवास के लिए कैलास भवन निर्माण के लिए विदेश मंत्रालय ने आठ करोड़ रुपये स्वीकृत किए हैं। चीन के तिब्बत स्थित कैलास-मानसरोवर यात्रा हर वर्ष जून माह में शुरू होती है। धारचूला तक बसों से इसके बाद भारत के अंतिम गांव नाभिढांग तक पैदल यात्रा होती है। इस बार 50 सदस्यों वाले 15 दल मानसरोवर यात्रा में शामिल होंगे। यात्रा को सुविधाजनक बनाने के लिए 10 फरवरी को नॉर्थ ब्लॉक, नई दिल्ली में विदेश मंत्रालय के संयुक्त सचिव की अध्यक्षता में बैठक होगी। बैठक में कुमाऊं मंडल विकास निगम के एमडी, आइटीबीपी के आइजी, पिथौरागढ़ जिला प्रशासन के अधिकारी भाग लेंगे। बैठक में यात्रियों की सुरक्षा, आवास, स्वास्थ्य व भोजन से संबंधित बिंदुओं पर चर्चा की जाएगी।
निगम के प्रबन्ध निदेशक एएस नयाल ने बताया कि इस बार विदेश मंत्रालय से दो हाइटेक बसें मिलेंगी। नोएडा में यात्रियों के लिए कैलास भवन निर्माण के लिए 8 करोड़ रुपये उपलब्ध कराए जा रहे हैं। नोएडा में निगम ने पूर्व में भूमि भी खरीद ली है। इसके अलावा निगम भारत की सीमा पर स्थित यात्रा पड़ावों-गाला, सिरखा, मालपा, कालापानी, गुंजी व नाभिढांग में सोलर लाइट, सोलर हीटर आदि की व्यवस्था बढ़ा रहा है। निगम ने भोजन मीनू भी तैयार कर लिया है। नयाल के अनुसार इस बार निगम भी वाहन बेड़ा बढ़ा रहा है। यात्रियों की सुविधा के लिए कर्मियों की संख्या भी बढ़ाई जाएगी। आइटीबीपी के हवाले संचार व सुरक्षा व्यवस्था रहेगी।
मोबाइल पर ताजा खबरें, फोटो, वीडियो व लाइव स्कोर देखने के लिए जाएं m.jagran.com पर