बीस हजार कांवरिये पहुंचे बाबा दरबार
सावन के तीसरे सोमवार से ठीक एक दिन पहले रविवार को भी काशी विश्वनाथ के दर्शन पूजन को रेला उमड़ता रहा।
वाराणसी। सावन के तीसरे सोमवार से ठीक एक दिन पहले रविवार को भी काशी विश्वनाथ के दर्शन पूजन को रेला उमड़ता रहा। सुबह से रात नौ बजे तक ही लगभग 20 हजार श्रद्धालुओं ने दर्शन पूजन कर लिए। साथ ही कतार चौक व बांसफाटक तक पहुंच गई थी। इसमें कांवरियों की संख्या अधिक रही।
हर हर महादेव का उद्घोष करते उनके जत्थे आते, शीश नवाते और यात्रा पूरी करने को आगे बढ़ जाते। इलाहाबाद, गाजीपुर, जौनपुर और आजमगढ़ की ओर से वाहनों पर सवार हो वह नगर में पहुंचे थे। जयकार लगाते और डीजे पर ठुमके भी लगाते। उनके जत्थे जिधर से भी गुजरे हरियाले सावन पर केशरिया रंग छाता रहा। काशी विश्वनाथ मंदिर के साथ ही कांवरियों ने बीएचयू स्थित विश्वनाथ मंदिर, महामृत्युंजय महादेव मंदिर और अन्य शिवालयों में मत्था टेका। उनकी सेवा व विश्राम के लिए लक्सा, गोदौलिया आदि स्थानों पर शिविर लगाए थे। इसमें उनके लिए जलपान, चिकित्सा की व्यवस्था की गई थी। लोकचेतना की ओर से हुकुलगंज त्रिमुहानी पर शिविर लगाया गया। उधर, मार्कडेय महादेव मंदिर कैथी, रामेश्वर समेत अंचल स्थित मंदिरों में भी दर्शन पूजन को भीड़ रही।
मोबाइल पर ताजा खबरें, फोटो, वीडियो व लाइव स्कोर देखने के लिए जाएं m.jagran.com पर