Move to Jagran APP

यीशु की किलकारी पर झूमी ठिठुरती रात

कड़ाके की सर्दी और रात को अपने आगोश में समेटे घना कोहरा। गिरिजाघरों पर झूलती झालरें घने कोहरे की धुंध में भले ही टिमटिमाती सी नजर आ रही हों, लेकिन वहां किसी आंख को झपकना भी मंजूर न था।

By Edited By: Published: Tue, 25 Dec 2012 11:47 AM (IST)Updated: Tue, 25 Dec 2012 11:47 AM (IST)
यीशु की किलकारी पर झूमी ठिठुरती रात

आगरा। कड़ाके की सर्दी और रात को अपने आगोश में समेटे घना कोहरा। गिरिजाघरों पर झूलती झालरें घने कोहरे की धुंध में भले ही टिमटिमाती सी नजर आ रही हों, लेकिन वहां किसी आंख को झपकना भी मंजूर न था। नजरें एक टक घड़ी की सुइयों पर थीं। इंतजार था प्रभु यीशू के जन्म का। आधी रात को जैसे ही प्रभु का जन्म हुआ तो गिरिजाघरों में घंटे और प्रार्थना सभा गूंज उठी। हर चर्च में माहौल ऐसा हो गया, जैसे ठिठुरन की चादर फेंक उनका एक-एक अनुयाई जन्म के उल्लास में डूब गया हो।

loksabha election banner

शीतलहरों से जूझते हुए चर्च में विश्वासीजन मौजूद थे। कई चर्च में अलाव की व्यवस्था की गई थी। फिर भी ठिठुरन कम नहीं हो पा रही थी। मुख्य आयोजन बजीरपुरा स्थित निष्कलंक माता के महागिरजाघर में किया गया, जिसका हाल ही में सौंदर्यीकरण किया गया है। यहां जैसे-जैसे रात होती गई, वैसे-वैसे विश्वासीजनों का आगमन वहां होने लगा। रात 11.30 बजते ही चर्च में गायन मंडली ने क्रिसमस गीत गाने शुरू कर दिये। उसके बाद महाधर्माध्यक्ष डॉ.अल्बर्ट डिसूजा के निर्देशन में पूजन किया गया। जिसमें उनका सहयोग किया फादर जो थैकटिल, फादर भास्कर, फादर स्टेनी, फादर सेबस्टियन, फादर जोन फरेरा आदि ने।

रात में 12 बजने से कुछ समय पूर्व चर्च की लाइटें बंद कर दी गई। उसके बाद रोशनी हुई तो प्रभु ईसा मसीह का जन्म हो गया था। सभी को बधाइयां देते हुए बिशप ने अपने प्रवचन में कहा कि ईसा मसीह का जन्म सबके लिए शांति, आशा और प्रेम का संदेश लेकर आया है। प्रभु ने जीवन भर अहिंसा और शांति का पालन करते हुए सभी को क्षमा और प्रेम का पाठ पढ़ाया था। यहां क्रिसमस गीतों का निर्देशन फादर सनी, फादर जॉन रोशन ने किया।

प्रतापपुरा स्थित सेंट मैरी चर्च में आधी रात को प्रभु यीशु के जन्म पर विशेष प्रार्थना सभा का आयोजन किया गया। प्रधान पुरोहित फादर मून लाजरस ने पूजन कराया। उनके साथ फादर जोसफ डाबरे, फादर फिलिप, फादर रोशन, फादर अरुल आदि शामिल थे। सेंट पैट्रिक्स चर्च में प्रधान पुरोहित फादर थॉमस केसी ने फादर पॉल, फादर प्रकाश के सहयोग से पूजन किया। क्रिश्चियन समाज सेवा सोसायटी के अध्यक्ष माइकल सिल्वेरा ने सभी को क्रिसमस की शुभकामनाएं दी। हॉस्पिटल रोड स्थित सेंट जोंस चर्च में पादरी जिब्राइल दास ने तथा एमजी रोड स्थित सेंट्रल मैथडिस्ट चर्च में पादरी सिल्वेस्टर मैसी ने आराधना कराई।

पूजन के बाद काटा केक

सेंट पॉल्स चर्च में क्रिसमस की आराधना पादरी अमन अभिषेक ने कराई। उसके बाद पादरी पीपी हॉबिल ने क्त्रिसमस का संदेश दिया। इस दौरान क्त्रिसमस केक भी काटा गया। एक दूसरे को क्त्रिसमस की बधाइयां दी गई।

रहेगा मेला जैसा माहौल

सेंट पीटर्स स्कूल, वजीरपुरा परिसर में मंगलवार को कई आयोजन किये गए हैं। प्रभु ईसा मसीह के जीवन से संबंधित प्रदर्शनी लगाई गई है।

प्राइमरी स्कूल परिसर और सेंट फैलिक्स स्कूल में सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित किये गए हैं। जिनके अवलोकन के लिए सेंट पीटर्स कॉलेज गेट से प्रवेश होगा। चर्च गेट से निकासी होगी।

पंचतारा होटलों में मना क्रिसमस

फाइव स्टार होटलों में क्त्रिसमस डे पर गीत, संगीत के कार्यक्रम आयोजित किये गए। क्लार्क शिराज में झूम बैंड ने अतिथियों का मनोरंजन किया। आइटीसी मुगल ने होटल की लॉबी में जिंजर ब्रेड हाउस के साथ क्रिसमस को और अधिक परंपरागत बनाया है।

क्रिसमस ट्री भी आगंतुकों के आकर्षण का केंद्र बना हुआ है। जो 31 दिसंबर तक रहेगा। असिस्टेंट सेल्स मैनेजर ज्योति चितकारा के अनुसार यह पहला अवसर है किसी होटल में जिंजर ब्रेड हाउस बनाया है।

मोबाइल पर ताजा खबरें, फोटो, वीडियो व लाइव स्कोर देखने के लिए जाएं m.jagran.com पर


Jagran.com अब whatsapp चैनल पर भी उपलब्ध है। आज ही फॉलो करें और पाएं महत्वपूर्ण खबरेंWhatsApp चैनल से जुड़ें
This website uses cookies or similar technologies to enhance your browsing experience and provide personalized recommendations. By continuing to use our website, you agree to our Privacy Policy and Cookie Policy.