फैजाबाद में नहीं खुले मंदिर
बड़ी देवकाली मंदिर से मूर्ति चोरी के विरोध में शुरू हुआ आंदोलन थमने का नाम नहीं ले रहा है। गुरुवार को अयोध्या में जहां बाजार बंद रहे, वहीं फैजाबाद में मंदिरों के कपाट नहीं खुले। अयोध्या में बंदी का व्यापक असर रहा।
फैजाबाद। बड़ी देवकाली मंदिर से मूर्ति चोरी के विरोध में शुरू हुआ आंदोलन थमने का नाम नहीं ले रहा है। गुरुवार को अयोध्या में जहां बाजार बंद रहे, वहीं फैजाबाद में मंदिरों के कपाट नहीं खुले। अयोध्या में बंदी का व्यापक असर रहा।
गुरुवार को अयोध्या में भी अभूतपूर्व बंदी देखने को मिली। चाय, नाश्ते की बात तो दूर मंदिरों में श्रद्धालुओं को भगवान में चढ़ाने के लिए फूल-माला व प्रसाद के लिए मिष्ठान तक नहीं मिला। अयोध्या व्यापार मंडल व दुर्गापूजा समिति के संयुक्त आहृवान पर सभी व्यापारियों ने स्वेच्छा से अपने प्रतिष्ठान बंद कर राज सदन प्रांगण में सभा की। सभा की अध्यक्षता अयोध्या के पालिकाध्यक्ष राधेश्याम गुप्ता ने की। इस दौरान प्रमुख मंदिरों की सुरक्षा व निगरानी के लिए सीसीटीवी लगवाए जाने की मांग की गई। अचल गुप्ता ने कहा कि मां देवकाली भगवान राम की कुल देवी हैं इसलिए उनकी मूर्ति चोरी के विरोध में शुरू हुए आंदोलन में अयोध्या का हर इंसान शामिल है। उन्होंने बताया कि शुक्रवार को छोटी देवकाली मंदिर पर बुद्धि शुद्धि यज्ञ किया जाएगा। सभा में पूर्व विधायक लल्लू सिंह, व्यापार मंडल अध्यक्ष बृजकिशोर गुप्ता, अनूप गुप्ता, हरिशंकर सोनी, गिरीशपति त्रिपाठी, मन्नू साहू, धनुषधारी व अभिषेक मिश्र आदि मौजूद रहे। वहीं दूसरी ओर चरणबद्ध आंदोलन को आगे बढ़ाते हुए मां देवकाली प्रतिमा पुनस्र्थापना समिति ने पूर्व घोषित निर्णय के क्रम में सुबह से ही मंदिरों के पुजारियों एवं महंतों से संपर्क कर उनसे आंदोलन में शामिल होने की स्वीकृत मांगी। परिणाम स्वरूप शहर के सभी मंदिरों के कपाट गुरुवार को नहीं खुले। शुक्रवार को भी मंदिरों के कपाट बंद रहेंगे।
मोबाइल पर ताजा खबरें, फोटो, वीडियो व लाइव स्कोर देखने के लिए जाएं m.jagran.com पर