शिवभक्त दर्शन को बेताबी
श्री बाबा बुढ्डा अमरनाथ के दर्शन के लिए आए श्रद्धालुओं में भारी उत्साह है। ढोल की थाप पर नाचते श्रद्धालुओं के माथे पर चिंता की कोई लकीर नहीं।
राजौरी। श्री बाबा बुढ्डा अमरनाथ के दर्शन के लिए आए श्रद्धालुओं में भारी उत्साह है। ढोल की थाप पर नाचते श्रद्धालुओं के माथे पर चिंता की कोई लकीर नहीं।
दिल्ली से आई सुषमा ने बताया कि यहां का मौसम सुहावना है। हम लोग निडर हैं। खाने-पीने का भी व्यापक प्रबंध किया गया है। हम अब बाबा दर्शन के लिए बेताब हैं। दिल्ली से ही आई मोहन देवी ने कहा कि यहां तक पहुंचने में हमें कोई दिक्कत नहीं हुई। रास्ते में कई जगह पर हमारा स्वागत किया गया। जम्मू-कश्मीर के लोगों से मिल काफी अच्छा लग रहा है। अगली बार मैं अपने पति बच्चे के साथ आऊंगी। राम किशोर निवासी फतेहपुर का कहना है कि यह मेरी तीसरी यात्रा है। पहली बार मैं 2005 में आया था। इस बार अपने परिवार के साथ आया हूं। यात्रा में काफी आनंद आ रहा है। हमें कोई परेशानी नहीं हुई है। जहां के मौसम की तरह लोग भी अच्छे हैं। अगली बार अपने मित्रों को भी लेकर आऊंगा। राजस्थान से आई रमा ने बताया कि पहली बार बाबा के दर्शन के लिए परिवार सहित आई हूं। रास्ते में जगह-जगह हमारा फूलों से स्वागत किया गया। सुनने में आता था कि जम्मू-कश्मीर का माहौल काफी खराब है, लेकिन अपनी आंखों से देखा कि ऐसा कुछ भी नहीं। मथुरा निवासी शकुंतला देवी ने बताया कि यह मेरी पहली यात्रा है। जम्मू-कश्मीर का वातावरण काफी अच्छा लगा। असली भारत तो यही है। हम लोग निडर होकर यात्रा कर रहे हैं। यात्रियों के लिए यहां हर प्रकार की सुविधा का ख्याल रखा गया है।
मोबाइल पर ताजा खबरें, फोटो, वीडियो व लाइव स्कोर देखने के लिए जाएं m.jagran.com पर