श्रद्धालुओं ने कंजक पूजन कर व्रत संपन्न किए
मां दुर्गा के आराधना के बाद श्रद्धालुओं ने कंजक पूजन कर व्रत संपन्न किए। इस अवसर पर घर में धन-धान्य की वर्षा के लिए हवन यज्ञ भी करवाए गए।
जम्मू। मां दुर्गा के आराधना के बाद श्रद्धालुओं ने कंजक पूजन कर व्रत संपन्न किए। इस अवसर पर घर में धन-धान्य की वर्षा के लिए हवन यज्ञ भी करवाए गए। बावे वाली माता मंदिर सहित शहर के अन्य मंदिरों में सोमवार दिनभर भक्तों की भीड़ उमड़ी रही।
नवरात्रि के नवें दिन सिद्धिदात्री की उपासना का विधान है। इनकी शक्ति अमोघ और फलदायिनी है। अपने भक्तों के लिए अन्नपूर्णा स्वरूप मानी जाने वाली मां की विधिवत पूजा-अर्चना करने के बाद श्रद्धालुओं ने घरों व मंदिरों में कन्या पूजन कर मां की कृपा प्राप्त की। माता को नारियल, हलवे का भोग लगाने के साथ घरों में हवन-यज्ञ का आयोजन भी किया गया। इसी बीच शहर के मुख्य मंदिरों के साथ बावे स्थित मां काली मंदिर में माता के दर्शनों के लिए देर शाम तक श्रद्धालुओं की भीड़ रही। माता का स्वरूप धारण कर कई नन्हीं कन्याएं मंदिर परिसर के बाहर बैठी हुई थी, जिनकी श्रद्धालु पूजन कर रहे थे। आज मंगलवार को रामनवमी के दिन कई श्रद्धालु कन्या पूजन करने के बाद घरों में लगाई की माता की साख को तवी नदी में प्रवाहित करेंगे। वहीं, सांबा के चीची माता मंदिर परिसर में दुर्गा अष्टमी पर हवन कर कंजक पूजन किया गया। सोमवार सुबह से ही मंदिर में काफी भीड़ रही। भक्तों को दर्शन के लिए घंटों कतार में खड़ा होना पड़ा। सांबा में बसंतर नदी के किनारे नंदिनी पहाडि़यों पर स्थित चीची माता मंदिर में माता के जयकारों से पूरा क्षेत्र मंगलमय हो रहा है। आज नवमी पर और अधिक भीड़ होगी। हर बार नवमी पर यहां पर रिकॉर्ड तोड़ भीड़ होती है और फिर कतारें दूर दूर तक मुख्य गेट के बाहर तक आ जाती हैं। सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए हैं और चिकित्सा सुविधा के लिए डॉक्टर एवं अन्य कर्मचारी तैनात हैं।
मोबाइल पर ताजा खबरें, फोटो, वीडियो व लाइव स्कोर देखने के लिए जाएं m.jagran.com पर