नई चीज करती है नर्वस: शाहिद कपूर
हैदर’ हो या ‘रंगून’, अभिनेता शाहिद कपूर एक्टिंग के मामले में होते जा रहे हैं बेहद सतर्क...
शाहिद कपूर करीब 14 साल से फिल्म इंडस्ट्री में सक्रिय हैं। उनका यह सफर उतारचढ़ाव भरा रहा है। उन्होंने सफलता के साथ ही विफलता का भी स्वाद चखा। ‘हैदर’ के लिए उन्हें तमाम अवॉर्ड मिले तो हाल ही में रिलीज ‘रंगून’ में सैन्य अधिकारी की भूमिका में उन्हें सराहा गया। इंडस्ट्री में पुख्ता जगह बनाने के बावजूद वे अपनी फिल्म की रिलीज के समय नर्वस रहते हैं।
बकौल शाहिद, ‘किसी भी नई चीज को लेकर मैं हमेशा नर्वस हो जाता हूं। मेरा भाई ईशान भी फिल्मी दुनिया में कदम रख रहा है। मैं उसकी फिल्म की शूटिंग के पहले दिन सेट पर गया था। तब भी मैं नर्वस था। मेरी हथेलियों में पसीना आ रहा था।’ इसकी वजह बताते हैंं शाहिद, ‘दरअसल, जब आप युवा होते हैं तो खुद को बहुत विद्वान मानते हैं। सोचते हैं कि आप सब जानते हैं। जैसे जैसे समय आगे बढ़ता है तब अहसास होता कि आपका ज्ञान सीमित है। सब जानते हैं कि फिल्मी करियर अस्थिर होता है। उसके बारे में पूर्वानुमान नहीं लगा सकते। एक छोटी सी भूल मेहनत पर पानी फेर सकती है। मगर हमें उम्मीद का दामन नहीं छोड़ना चाहिए और अपना सर्वश्रेष्ठ देने को प्रयासरत रहना चाहिए।’
यह भी पढ़ें : कामयाबी से बढ़ता है कांफीडेंस : तापसी पन्नू