जोरूमाल में ग्रामीण हॉकी प्रतियोगिता शुरू
जागरण संवाददाता, सुंदरगढ़ : डॉ.दिलीप तिर्की हॉकी फाउंडेशन द्वारा ग्रामीण हॉकी को बढ
जागरण संवाददाता, सुंदरगढ़ :
डॉ.दिलीप तिर्की हॉकी फाउंडेशन द्वारा ग्रामीण हॉकी को बढ़ावा देने के लिए बीजू पटनायक ग्रामीण हॉकी प्रतियोगिता शुरू की गई है। हॉकी में विश्व पटल पर नाम अर्जित करने वाली सुंदरगढ़ जिला की हॉकी सितारा नमिता टोप्पो के गांव जोरूमाल में इस प्रतियोगिता का आगाज रविवार को किया गया। इस प्रतियोगिता के लिए ओडिशा, छतीसगढ़, झारखंड में चयनित 35 ग्रामीण केंद्रों में से जोरूमाल भी एक केंद्र है। इस केंद्र में होनेवाली प्रतियोगिता में कुल 57 टीमें शामिल होंगी।
इस कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में ओसीएल इंडिया के जीएम ( सीएसआर ) निलाद्री भूषण पाढ़ी ने उपस्थित खिलाडियों को अपनी प्रतिभा को उभारने के लिए हरसंभव प्रयास करने की आवश्यकता पर जोर देते हुए कहा कि ओडिशा में सुंदरगढ़ जिला को लोग हॉकी के लिए जानते हैं तथा यहां के खिलाड़ियों ने इसे साबित भी किया है। उन्होंने बताया कि ओसीएल की ओर से लांजीबेरना में एक हॉकी ट्रे¨नग कैंप चल रहा है तथा राजगांगपुर में भी एक ट्रे¨नग कैंप के लिए वे प्रयासरत हैं। सम्मानित अतिथि राजगांगपुर विकास परिषद के अध्यक्ष कमल अग्रवाल ने खेल भावना के साथ खेलते हुए एक ओर दिलीप तिर्की,नमिता टोप्पो या फिर पूनम टोप्पो बनने का आह्वान किया। अन्य सम्मानित अतिथि सुंदरगढ़ नगरपालिका के नगरपाल तथा बीजू पटनायक ग्रामीण हॉकी प्रतियोगिता के कोर कमेटी के सदस्य वेणुधर तांडिया ने सभी 57 टीमों के खिलाड़ियों को प्रोत्साहित किया। अन्य अतिथियों में बीजू पटनायक ग्रामीण हॉकी प्रतियोगिता के कोर कमेटी सदस्य सुमंत साहू, पंचा बारला, कुटुनिया सरपंच बिक्रम टोप्पो, ओसीएल के एसएन पारिजा, सांसद दिलीप तिर्की के प्रतिनिधि अबू सलाम,संदीप अग्रवाल मंचासीन थे। अतिथियों ने पताका लहराया तथा हाथों में हॉकी स्टिक उठाकर इस प्रतियोगिता का शुभारंभ किया। इस अवसर पर स्थानीय कलाकारों ने आदिवासी नृत्य प्रस्तुत किया। नेचर क्लब के अध्यक्ष बैजू लकड़ा के आतिथ्य में आयोजित इस कार्यक्रम में स्वागत भाषण सुधीर हेम्ब्रम ने दिया। समारोह का संचालन क्लब के सदस्य राजू महंती ने किया। कार्यक्रम में सुबान होरो, बिराज बार्ला, दान बार्ला, निकोदिम हेम्ब्रम आदि ने सहयोग किया।