नुंआखाई पर मां समलेश्वरी को नवान्न भोग अर्पित
पश्चिम ओडिशा की लोक संस्कृति से जुड़ा महानजनपर्व नुंआखाई शनिवा
जागरण संवाददाता, संबलपुर :
पश्चिम ओडिशा की लोक संस्कृति से जुड़ा महानजनपर्व नुंआखाई शनिवार को न सिर्फ ओडिशा बल्कि देश के विभिन्न हिस्सों और विदेश में भी परंपरा के अनुसार मनाया गया। संबलपुर में पंडितों के निर्धारित शुभ लग्न में प्रचलित परंपरानुसार पूजकों ने मां समलेश्वरी की विशेष पूजा अर्चना की और फिर नवान्न का भोग अर्पित किया। इसके बाद मंदिर के कपाट श्रद्धालुओं के लिए खोल दिए गए। इसके बाद लोगों ने मां समलेश्वरी का दर्शन कर आशीर्वाद प्राप्त किया।
इधर, नुंआखाई को लेकर घरों में पारंपरिक पीठा, मड़ा, खीर, भात-तरकारी व्यंजन बनाया गया। पूजा अर्चना के बाद लोगों ने बड़ों का आशीर्वाद लिया, जबकि परिचित ने एक दूसरे को जुहार कर नुंआखाई की बधाई दी। शहरांचल के अलावा ग्रामांचलों में नुंआखाई को लेकर अधिक उत्साह देखा गया। गांव-कस्बों में विभिन्न खेल प्रतियोगिताओं और रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आयोजन किया गया। नुंआखाई की मस्ती के दौरान किसी तरह की गड़बड़ी को रोकने पुलिस की ओर से विशेष व्यवस्था की गई और गश्ती भी तेज कर दी गई। शराब दुकानों को एक दिन के लिए बंद रखा गया।