पब्लिक की मदद से दोबारा दबोचे गए डकैत
बणई अदालत में पेशी को लाए गए डकैती मामले के चार आरोपियो
जागरण संवाददाता, राउरकेला : बणई अदालत में पेशी को लाए गए डकैती मामले के चार आरोपियों का भागने का प्रयास विफल हो गया। पुलिस को चकमा देकर कोर्ट परिसर से भाग रहे इन डकैतों को लोगों की मदद से दोबारा दबोच लिया गया। बणई अंचल में बीते दिनों हुई डकैती के मामले में आरोपी मासी नाग, चांडे नायक, किनु पुहाण व करमजीत मुंडा को कड़ी सुरक्षा में सोमवार की दोपहर बणई अदालत में पेशी के लिए लाया गया। यहां पहुंचने के बाद चारों आरोपियों ने पुलिस का चकमा देकर भागने के लिए दौड़ लगा दी। इस पर पुलिस के हाथ-पैर फूल गए और जवान डकैतों को पकड़ने के लिए उनके पीछे भागे। यह देख अदालत परिसर में मौजूद लोग भी हरकत में आ गए और आरोपियों की घेराबंदी कर उन्हें पकड़वाने में पुलिस की मदद की। इस घटना की सूचना मिलते ही बणई के एसडीपीओ शिशुरंजन महापात्र भी तत्काल मौके पर पहुंचे और स्थिति का जायजा लिया। साथ ही डकैतों को लेकर अदालत आए पुलिस वालों को कड़ी ताकीद की है।