कार्तिक पूर्णिमा : त्रिवेणी संगम पर उमड़ा श्रद्धालुओं का सैलाब
जागरण संवाददाता, राउरकेला : कार्तिक पूर्णिमा के पावन मौके पर बुधवार की सुबह वेदव्यास त्रिवेणी संगम प
जागरण संवाददाता, राउरकेला : कार्तिक पूर्णिमा के पावन मौके पर बुधवार की सुबह वेदव्यास त्रिवेणी संगम पर श्रद्धालुओं का सैलाब उमड़ पड़ा। 10 हजार से अधिक श्रद्धालुओं ने यहां शाही स्नान किया। बालुंकेश्वर व चंद्रशेखर महादेव मंदिर में पूजा अर्चना की। बड़ी संख्या में लोगों ने परंपरा के अनुसार पूर्वजों की याद में नौका विसर्जन किया। कानून व्यवस्था बनाये रखने के लिए वेदव्यास मंदिर ट्रस्ट व पुलिस प्रशासन की ओर से सारी व्यवस्था की गई थी।
सुबह चार बजे से ही त्रिवेणी संगम पर श्रद्धालुओं का आना शुरू हो गया था। अहले सुबह यहां स्नान के बाद श्रद्धालुओं ने पूजा अर्चना शुरू की। सुबह पांच बजे तक यहां सात से आठ हजार श्रद्धालु पहुंच चुके थे। सुबह सात बजे तक यहां श्रद्धालुओं के आने का सिलसिला जारी रहा। तटवर्ती ओडिशा के प्रवासियों के साथ साथ बड़ी संख्या में लोगों ने परिवार के साथ संगम पर पहुंचकर स्नान किया और पूर्वजों की याद में नौका पर दीप जलाकर विसर्जित किया। मंदिर में भीड़ को देखते हुए महिला व पुरुष के लिए अलग अलग पंक्ति के लिए बैरिकेट लगाया गया था। घाट पर भंवर में फंस कर श्रद्धालुओं के डूबने की आशंका को देखते हुए गहराई वाले क्षेत्र को घेर कर रखा गया था। इस ओर लोग न जायें इसके पुलिस के जवानों के साथ साथ अग्निशमन विभाग की विशेष टीम को यहां तैनात किया गया था। कानून व्यवस्था बनाये रखने के लिए डीएसपी टीके जेना की अगुवाई में यहां ब्राह्मणी तरंग थाना के इंस्पेक्टर, सब इंस्पेक्टर, दो प्लाटून पुलिस बल, महिला व पुरुष होमगार्ड के जवान तैनात किये गये थे। पीएचईडी की ओर से पीने के पानी का टैंकर, एंबुलेंस, चिकित्सक दल भी मौके पर तैनात थे। वेदव्यास मंदिर ट्रस्ट के सचिव अनुपम राय, ट्रस्टी रमाकांत विश्वाल, प्रमोद प्रधान, राजेश गर्ग, रमेश गोपालवासिया, संतोष साहू समेत अन्य लोगों ने व्यवस्था बनाये रखने में मदद की।