40 वार्र्डो को लेकर बना राउरकेला महानगर निगम
जागरण संवाददाता, राउरकेला : जगदा व झारतरंग पंचायत को शामिल कर राउरकेला महानगर निगम का गठन करने की
जागरण संवाददाता, राउरकेला :
जगदा व झारतरंग पंचायत को शामिल कर राउरकेला महानगर निगम का गठन करने की अधिसूचना जारी कर दी गई है। इसमें 40 वार्ड होंगे एवं करीब 3.10 लाख नये लोगों को इसमें शामिल किया गया है। 6 मार्च तक वार्ड के पुनर्गठन पर राजनीतिक दल व व्यक्ति विशेष अपनी आपत्ति दर्ज करा सकते हैं। राज्य सरकार के शहरी विकास विभाग ने यह सूचना जारी की है।
महानगर निगम के लिए जारी सूचना में निगम के कौन वार्ड किस किस क्षेत्र को लेकर गठित होगा तथा कौन वार्ड किसके लिए आरक्षित होगा इसका भी विज्ञप्ति में उल्लेख किया गया है। साथ ही इस पर राज्य सरकार की ओर से विचार मांगे गये हैं। दस दिनों के अंदर सभी आपत्ति दर्ज की जायेगी एवं इस पर विचार कर अंतिम विज्ञप्ति जारी की जायेगी। राउरकेला महानगर निगम में झारतरंग एवं जगदा पंचायत को शामिल करने के खिलाफ आदिवासी मूलवासी बचाओ मंच की ओर से आंदोलन किया गया था एवं सरकार की ओर से नगर विकास मंत्री पुष्पेन्द्र सिंह देव ने इस पर विचार करने का भरोसा दिया था। सचिवालय में उच्चस्तरीय बैठक के बाद राउरकेला नगर निगम पर विज्ञप्ति जारी कर दी गई है। 40 वार्डो को लेकर गठित राउरकेला महानगर निगम के पुनर्गठन व सीमा निर्धारण से क्षेत्र में काफी बदलाव आया है एवं इसमें राजनीतिक समीकरण बिगड़ गया है। विज्ञप्ति जारी होने के बाद राउरकेला नगर निगम चुनाव अप्रैल महीने तक संबलपुर महानगर निगम के साथ ही कराये जाने की संभावना है।