ओडिशा में बने क्रीड़ा विश्वविद्यालय: खेल मंत्री
जागरण संवाददाता, राउरकेला: राज्य के खेल, युवा मामले व जनजातीय कल्याण मंत्री सुदाम मरांडी ने ओडिशा
जागरण संवाददाता, राउरकेला:
राज्य के खेल, युवा मामले व जनजातीय कल्याण मंत्री सुदाम मरांडी ने ओडिशा में क्रीड़ा विश्वविद्यालय की स्थापना की वकालत की है। उन्होंने इसके प्रति केंद्र सरकार का ध्यान आकर्षित करने समेत इसमें सुंदरगढ़ जिले के केंद्रीय मंत्री जुएल उरांव से भी सहयोग की कामना की है। रविवार को बिरसा मुंडा मिनी स्टेडियम के निरीक्षण के दौरान मीडिया कर्मियों से अनौपचारिक बातचीत में यह जानकारी दी।
रविवार को बिरसा मुंडा मिनी स्टेडियम का निरीक्षण करने से पूर्व मंत्री मरांडी ने बिरसा चौक पर स्थित वीर बिरसा मुंडा की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर श्रद्धांजलि प्रदान की। इस अवसर पर राउरकेला विकास प्राधिकरण के अध्यक्ष शारदा प्रसाद नायक, विधायक सुब्रत तराई, बीजद नेता आनंद महंती, सुधीर सुंदरराय आदि उपस्थित थे। वहां से उन्होंने 2.12 करोड़ रुपयों की लागत से निर्मित बिरसा मुंडा मिनी स्टेडियम का निरीक्षण किया। उन्हाेंने स्टेडियम का नक्सा देखने समेत इसकी संरचनात्मक विकास की बात कही। उन्होंने स्टेडियम की रखरखाव का जिम्मा भी सरकारी विभाग को देने तथा खेल के विकास में धन की कमी आड़े न आने की बात कही। उन्होंने पानपोष में सेंटर आफ एक्सीलेंस का स्थानांतरण को बेबुनियाद बताया। खेल मंत्री ने कहा कि सेंटर आफ एक्सीलेंस का हर्जा वापस लिया गया है, लेकिन इसका स्थानांतरण नहीं किया गया है। इस दौरान उन्होंने कुमझरिया, जलदा में भी मिनी स्टेडियम का दौरा किया।