बिजली गुल से आरजीएच के मरीज बेहाल
जागरण संवाददाता, राउरकेला :
राउरकेला सरकारी अस्पताल को जिला स्तरीय अस्पताल का दर्जा मिला है यहां ढाई सौ से अधिक मरीजों को भर्ती किया जा सकता है। अस्पताल में गर्मी के दिनों में बिजली की वैकल्पिक व्यवस्था नहीं की गई है जिससे बिजली गुल होने पर मरीज व उनके साथ अस्पताल आये लोगों को कई तरह की परेशानी होती है। गुरुवार की रात को शाट सर्किट के कारण तार जल गया एवं घंटों बिजली गुल रही।
राउरकेला सरकारी अस्पताल में शहर व आसपास के साथ साथ झारखंड के सिंहभूम व सिमडेगा जिले भी बड़ी संख्या में मरीज यहां इलाज के लिए आते हैं। 128 सीट वाले इस अस्पताल में 250 से अधिक मरीजों को भर्ती लिया जाता है। यहां बिजली तार इधर उधर टंगे हैं एवं पंखा आदि की व्यवस्था भी ठीक नहीं है। गुरुवार की रात करीब आठ बजे शाट सर्किट होने से अस्पताल में अंधेरा हो गया। शैल्य चिकित्सा विभाग व नर्सिग सर्विस रूप में इनवर्टर होने के बावजूद बत्ती नहीं जल पाई जिस कारण मरीजों के परिजन व नर्सो को बाहर समय बिताना पड़ा। करीब चार घंटे बाद बिजली की मरम्मत के बाद दुबारा बिजली आपूर्ति हो सकी। अस्पताल में आये दिन दो तीन घंटे बिजली गुल रहने के कारण लोगों को कई तरह की असुविधा होती है एवं लोगों में आक्रोश देखा जाता है। इस संबंध में मुख्य चिकित्सा अधिकारी विनायक प्रुष्टि एवं उप मुख्य चिकित्सा अधिकारी सुभाष कवि से संपर्क की कोशिश की गई पर वे उपलब्ध नहीं हुए।